दिव्यांग एकता मंच का कलेक्ट्रेट में अनिश्चितकालीन अनशन:पेंशन बढ़ाने, मेडिकल कॉलेज में अलग काउंटर समेत 6 मांगें


देवरिया में राष्ट्रीय दिव्यांग एकता मंच ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन शुरू किया। दिव्यांगजन अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अनशन चला। प्रदर्शनकारियों ने डीएम को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें सरकार से दिव्यांगजनों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई। मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश में दिव्यांग पेंशन केवल 1000 रुपये प्रतिमाह है, जबकि अन्य राज्यों में यह अधिक है। उन्होंने पेंशन बढ़ाने और सभी पात्र दिव्यांगों को योजना का लाभ देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि विधानसभा चुनाव के दौरान दिव्यांग पेंशन बढ़ाने की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। ज्ञापन में छह प्रमुख मांगें उठाई गई हैं। इनमें दिव्यांग पेंशन में वृद्धि, लंबित पात्र दिव्यांगजनों की पेंशन स्वीकृत करना, मेडिकल कॉलेज में दिव्यांगों के लिए अलग काउंटर स्थापित करना, पात्र लाभार्थियों के अंत्योदय और आयुष्मान कार्ड बनवाना, दिव्यांगजनों को रोजगार से जोड़ना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाना शामिल है। राष्ट्रीय दिव्यांग एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष केश सिंह और जिला अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक क्रमिक अनशन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की। इस प्रदर्शन में अमरेंद्र कुशवाह, छेदी प्रसाद, शंकर, हरीलाल प्रसाद, संतोष कुमार राय, रविंद्र प्रसाद, बैजनाथ पांडेय, पंकज चौहान, रमेश यादव, राजा प्रसाद, रामलाल सहित बड़ी संख्या में दिव्यांगजन और मंच के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *