दहेज में बाइक न मिलने पर विवाहिता को मार डाला:लखीमपुर में पहले हंसिए से सिर पर किया वार, फिर दीवार में लड़ाया; हादसा दिखाने के लिए लगाया करंट


लखीमपुर खीरी में दहेज की खातिर एक विवाहिता की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका के परिजनों का आरोप है कि दहेज में बाइक न मिलने पर पहले उनकी बेटी के सिर पर धारदार हंसिया से वार किया गया, फिर उसका सिर दीवार से टकराकर उसे मार डाला गया। इतना ही नहीं, इस हत्या को एक दुर्घटना का रूप देने के लिए ससुराल वालों ने मृतका के शव को करंट भी लगाया। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति समेत 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। देखिए 3 तस्वीरें…. जानिए पूरा मामला…. पांच साल पहले हुई थी शादी, बाइक न मिलने पर किया जाता था प्रताड़ित सिंगाही कस्बा के मोहल्ला झाला निवासी सिराजुद्दीन ने बताया कि उन्होंने करीब पांच साल पहले अपनी 25 वर्षीय बेटी शहनाज की शादी पढ़ुआ थाना क्षेत्र के ढखेरवा खालसा गांव के रहने वाले रोबिन के साथ की थी। शादी के बाद से ही दहेज में मोटरसाइकिल न मिलने पर दामाद और उसके परिवार वाले शहनाज को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई, जिससे तंग आकर शहनाज अपने मायके आ गई थी। इसके बाद उसके पति रोबिन ने परिवार न्यायालय (फैमिली कोर्ट) में विदाई के लिए वाद दायर किया था। कोर्ट से हुई थी विदाई, 15 दिन बाद ही ले ली जान मृतका के पिता ने बताया कि 15 दिन पहले कोर्ट में इस मामले की पेशी थी। वहां दामाद रोबिन के साथ उसका बहनोई भी आया था। बहनोई ने पूरी जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि वे बेटी को रोबिन के साथ भेज दें, अब कोई शिकायत नहीं आएगी। उनके आश्वासन पर कोर्ट से ही शहनाज की विदाई कर दी गई थी। लेकिन विदाई के महज 15 दिन बाद ही शुक्रवार को गांव वालों ने फोन पर सूचना दी कि करंट लगने से शहनाज की मौत हो गई है। घटनास्थल पर बिखरा था खून, 3 साल की मासूम बच्ची भी गायब शहनाज की मौत की खबर सुनकर जब मायके वाले उसके ससुराल पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर दंग रह गए। कमरे के फर्श, चारपाई और दीवारों पर खून के निशान थे और मौके पर एक हंसिया भी पड़ा हुआ मिला। मृतका के भाई मोहम्मद दाऊद के अनुसार उनकी बहन की हत्या करने के बाद आरोपियों ने उसकी 3 साल की मासूम भांजी को भी कहीं गायब कर दिया है। अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है। मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल, मांगा इंसाफ मृतका की मां मुन्नी और बहन सहाना ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई। मां ने कहा कि दहेजलोभियों ने बाइक के लिए उनकी बेटी का सिर दीवार में मार-मारकर उसकी जान ले ली। वहीं बहन सहाना ने बताया कि ससुराल वाले कल से ही उनका फोन नहीं उठा रहे थे। जब वे गांव वालों की सूचना पर वहां पहुंचे, तो पूरा कमरा खून से सना था। उन्होंने रोते हुए कहा, “मैं अब अकेली रह गई, उन लोगों ने मेरी बहन की जान ले ली। हमें सिर्फ इंसाफ चाहिए।” पति समेत 6 लोगों पर दहेज हत्या का केस दर्ज इस पूरे सनसनीखेज मामले पर पढ़ुआ थाना प्रभारी मोहित पुंडीर ने बताया कि मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति रोबिन समेत 6 आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। क्षेत्राधिकारी (CO) शिवम कुमार ने बताया – विवाहिता की हत्या की गई है। परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *