![]()
भारतीय दलित पैंथर संगठन ने सोमवार को लखीमपुर खीरी के पलिया मुख्यालय पर प्रदर्शन करने की घोषणा की है। संगठन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी कर 15 जून को बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल बढ़ गई है। यह मामला 14 अप्रैल को बांकेगंज में हुए अंबेडकर प्रतिमा विवाद से जुड़ा है। भारतीय दलित पैंथर के संयोजक मनोज भारती ने एक वीडियो संदेश में पलिया विधायक रोमी साहनी पर एकतरफा कार्रवाई कराने का आरोप लगाया है। इस वीडियो के बाद भाजपा कार्यकर्ता अभिनंदन पुत्र देवनारायण निवासी विसेनपुरी, थाना संपूर्णानगर की तहरीर पर 10 जून को पलिया कोतवाली में मनोज भारती के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मनोज भारती ने अपने वीडियो में इस मुकदमे का भी जिक्र करते हुए इसे ‘आवाज दबाने की कार्रवाई’ बताया है। वहीं, विधायक रोमी साहनी ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति द्वारा अनर्गल बातें कही जा रही हैं और उन्हें संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कई शिकायतें मिली हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। विधायक ने यह भी दोहराया कि वह हमेशा वंचित और दलित समाज के हित में कार्य करते रहे हैं। प्रस्तावित प्रदर्शन के संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों ने फिलहाल किसी आधिकारिक सूचना या अनुमति की जानकारी होने से इनकार किया है। हालांकि, सोशल मीडिया पर प्रदर्शन के ऐलान के बाद पुलिस और प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए हैं। इस प्रदर्शन को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। लोग यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि सोमवार को दलित पैंथर संगठन का यह कार्यक्रम किस रूप में सामने आता है।
Source link
दलित पैंथर का लखीमपुर-खीरी में प्रदर्शन का ऐलान:प्रशासन ने जानकारी से किया इनकार; अंबेडकर प्रतिमा विवाद से जुड़ा मामला