दरोगा पर महिलाओं को परेशान करने का आरोप:पीलीभीत में एडीजी से शिकायत, पुलिस ने आरोपों को निराधार बताया


पीलीभीत के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र की शेरपुर कला पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा सागर कुमार पर गंभीर आरोप लगे हैं। मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ऑफ इंडिया के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हाफिज नूर अहमद अजहरी ने एडीजी बरेली को मामले की शिकायत भेजी है। हाफिज नूर अहमद अजहरी ने आरोप लगाया है कि दरोगा सागर कुमार रात के समय शेरपुर कला के मोहल्ला कुरैशियान में जबरन घरों में घुसते हैं और महिलाओं को परेशान करते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से यह शिकायत की है। अजहरी ने दरोगा को तत्काल चौकी से हटाने और निष्पक्ष जांच की मांग की है। दरोगा की कथित कार्यशैली को लेकर स्थानीय निवासियों और प्रबुद्ध वर्ग में भारी आक्रोश है। अधिवक्ता युनुस खान ने भी दरोगा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस बिना ठोस वजह के आम लोगों को प्रताड़ित कर रही है। उन्होंने देर रात बिना वारंट घरों में घुसना और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करना गैर-कानूनी बताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी हरकतों से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
दूसरी ओर, पुलिस प्रशासन ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। पूरनपुर कोतवाल पवन पांडे ने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा अपराधियों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत पुलिस टीम शेरपुर कला क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों और पुराने अपराधियों के सत्यापन के लिए गई थी। कोतवाल पवन पांडे का दावा है कि पुलिस को नियमानुसार कार्रवाई करने से रोकने और दबाव बनाने के उद्देश्य से ही इस तरह के मनगढ़ंत और झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। एडीजी स्तर पर शिकायत पहुंचने के बाद यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *