![]()
आगरा नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने शनिवार को दयालबाग सौ फुटा रोड स्थित ज्ञानी ढाबा के आसपास के क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान नालियों पर किए गए अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया तथा सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए अवैध होर्डिंग, बोर्ड और काउंटर हटवाए गए।
नगर निगम की टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, क्षेत्र के दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन प्रवर्तन टीम ने सख्ती बरतते हुए अभियान जारी रखा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों, नालियों और फुटपाथों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान के दौरान नालियों के ऊपर बनाए गए अस्थायी और स्थायी ढांचों को हटाया गया, जिससे जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिलेगी। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि बरसात के मौसम को देखते हुए शहरभर में अतिक्रमण हटाने और नालियों की सफाई का विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके। प्रवर्तन टीम ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ जुर्माना और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध होर्डिंग, विज्ञापन बोर्ड और सड़क पर रखे गए काउंटर हटाए गए। इस कार्रवाई का नेतृत्व प्रवर्तन प्रभारी कर्नल राहुल गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की यह मुहिम आगे भी लगातार जारी रहेगी और शहर में यातायात व्यवस्था तथा स्वच्छता को प्रभावित करने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करने और शहर को व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
Source link
दयालबाग में विरोध के बीच अतिक्रमण पर चला बुलडोजर:नाले के ऊपर बने अस्थायी ढांचों को ढहाया, विज्ञापन बोर्ड भी हटाए