![]()
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 10 अगस्त, सोमवार को तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। नगर निगम स्थित रानी लक्ष्मीबाई पार्क से यह यात्रा शुरू होगी और रेलवे स्टेशन चौक स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा के पास संपन्न होगी। जिलाधिकारी दीपक मीणा, नगर आयुक्त अजय जैन, सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी ने यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। संभावना जताई जा रही है कि इस यात्रा में लगभग 3000 लोग शामिल होंगे। मुख्यमंत्री लगभग 3 किलोमीटर तक पैदल चलेंगे। भाजपा की ओर से स्वागत के लिए 16 प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां समाज के अलग-अलग वर्गों के लोग यात्रा का स्वागत करेंगे। सोमवार की सुबह यह यात्रा शुरू होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नगर निगम स्थित रानी लक्ष्मीबाई पार्क पहुंचेंगे और वहां रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। उपस्थित लोगों को यहां संबोधित भी करेंगे। अधिकारियों ने शनिवार को रानी लक्ष्मीबाई पार्क का निरीक्षण किया। यहां प्रवेश एवं निकासी के मार्ग को देखा। रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा ऊंचाई पर है। वहां चढ़कर माला पहनाने की व्यवस्था भी देखी गई। इसके साथ ही वहां से निकलने के बाद मुख्यमंत्री टाउनहाल पर गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। शिवाय होटल की तरफ से मुख्यमंत्री यहां आएंगे और सीढ़ियों से चढ़कर महात्मा गांधी की प्रतिमा तक जाकर वहां माल्यार्पण करेंगे।
अधिकारियों ने टाउनहाल स्थित गांधी प्रतिमा का भी निरीक्षण किया। इसके बाद यात्रा आगे बढ़ेगी। जहां-जहां स्वागत के प्वाइंट बनाए गए हैं, वहां भी अधिकारियों ने निरीक्षण किया। यात्रा के दौरान सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग खड़े रहेंगे। इसके साथ ही देशभक्ति गीतों पर नृत्य भी होगा। लोग एक निश्चित दूरी पर खड़े रहें, इसलिए वहां बैरिकेडिंग की जाएगी। सीएम के इर्द-गिर्द सुरक्षा बल घेरा बनाकर चलेंगे। सीएम के साथ जनप्रतिनिधि एवं भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। यात्रा में चलने वाले लोगों के हाथ में तिरंगा होगा। मुख्यमंत्री भी अपने हाथ में तिरंगा पकडेंगे।
यह यात्रा सरदार पटेल की प्रतिमा होते हुए यातायात तिराहा से महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक पहुंचेगी। अधिकारियों ने अंतिम बिन्दु तक निरीक्षण कर तैयारी परखी।
Source link
तिरंगा यात्रा मार्ग का DM ने किया निरीक्षण:3000 लोग शामिल होंगे; 16 स्थानों पर होगा स्वागत