![]()
आगरा में विश्व प्रसिद्ध ताजमहल के पास ताजगंज इलाके में बुधवार को तेज बारिश के चलते सिंधी धर्मशाला का पुराना और जर्जर भवन भरभराकर ढह गया। हादसे के समय भवन के अंदर या आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर भीड़भाड़ के समय यह भवन गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था। बताया गया कि भवन काफी पुराना था और लंबे समय से खाली पड़ा हुआ था। रखरखाव के अभाव में इसकी दीवारों में दरारें आ गई थीं। पिछले कुछ समय से लगातार हो रही बारिश के कारण भवन और कमजोर हो गया। बुधवार सुबह बारिश के बाद अचानक पूरी बिल्डिंग ढह गई और मौके पर मलबा जमा हो गया। भवन गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लंबे समय से खाली पड़ा था भवन
स्थानीय निवासी राकेश अग्रवाल ने बताया कि यह भवन सिंधी धर्मशाला झूलेलाल मंदिर का हिस्सा था। लंबे समय तक खाली रहने और देखरेख नहीं होने के कारण इसकी हालत लगातार खराब होती गई। स्थानीय लोगों का दावा है कि उन्होंने कई बार नगर निगम और जिला प्रशासन से भवन के रखरखाव और मंदिर के जीर्णोद्धार की मांग की, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। ताजमहल क्षेत्र में रोजाना पहुंचते हैं हजारों पर्यटक
स्थानीय लोगों ने बताया कि ताजगंज और ताजमहल के आसपास का इलाका पर्यटकों से भरा रहता है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक आते-जाते हैं। ऐसे में यदि भवन पर्यटकों की आवाजाही के दौरान गिरता तो जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। स्थानीय निवासी ने कहा कि आगरा में लगातार बारिश के चलते पहले से जर्जर भवनों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन को ऐसे भवनों को चिन्हित कर समय रहते कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके। सपा नेता ने प्रशासन पर साधा निशाना
हादसे को लेकर सपा नेता ने भी प्रशासन पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सिंधी समाज हमेशा हर व्यक्ति के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहा है, लेकिन प्रशासन की अनदेखी के कारण आज समाज का भवन धराशायी हो गया। उन्होंने दावा किया कि अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सपा नेता ने सवाल उठाया कि क्या प्रशासन किसी पर्यटक की जान जाने के बाद जागेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द भवन का निर्माण और व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो सिंधी समाज अन्य समाजों के साथ मिलकर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होगा।
Source link
ताजमहल के पास जर्जर भवन ढहा, बड़ा हादसा टला:पर्यटकों वाले रास्ते पर गिरा मलबा, सिंधी समाज में आक्रोश