तत्काल टिकट विवाद: दो आरोपियों पर केस दर्ज:देवरिया में जीआरपी सिपाही पर हमला कर हुए फरार, तलाश जारी


देवरिया के भाटपाररानी रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट को लेकर हुए विवाद में दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इन पर एक युवक से मारपीट करने और जीआरपी सिपाही पर हमला कर फरार होने का आरोप है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है, लेकिन मंगलवार तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। भाटपाररानी थाना क्षेत्र के खड़ेसर पश्चिम टोला निवासी रोहित कुशवाहा शनिवार सुबह से ही तत्काल टिकट के लिए आरक्षण काउंटर पर लाइन में लगे थे। रात करीब 10:30 बजे दो युवक लाइन तोड़कर आगे खड़े होने लगे। रोहित ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने उनकी पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गए। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी घटना स्थल पर मौजूद जीआरपी के एक सिपाही ने एक आरोपी को पकड़ लिया। तभी दूसरा आरोपी अपने साथी को छुड़ाने के लिए सिपाही से भिड़ गया। आरोप है कि आरोपी ने सिपाही को स्टेशन परिसर के बाहर तक खींच लिया और उसकी पकड़ ढीली करने के लिए उसके हाथ पर दांत से काट लिया। सिपाही की पकड़ छूटते ही दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। घायल युवक की शिकायत पर जीआरपी ने प्रताप यादव और रोशन गोंड के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जीआरपी थानाध्यक्ष अजय कुमार मौर्य ने बताया कि प्रताप यादव और रोशन गोंड के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। आरपीएफ और सीआईबी भी इस मामले की अलग से जांच कर रही हैं। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *