![]()
संभल की गंगा नदी में सोमवती अमावस्या के अवसर पर स्नान के दौरान फिरोजाबाद के दो मौसेरे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। यह घटना जनपद संभल के कोतवाली गुन्नौर क्षेत्र के टापू के निकट हुई। जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद का एक परिवार नया ट्रक खरीदने के बाद सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान के लिए आया था। रविवार रात करीब 8 बजे परिवार के 15-20 लोग बुलंदशहर के नरौरा घाट पहुंचे थे। अत्यधिक भीड़ के कारण वे पुल पार कर खेतों के रास्ते टापू के निकट स्नान करने लगे। सोमवार सुबह लगभग 8:30 बजे स्नान के दौरान दो युवक गंगा के तेज बहाव में बह गए। शवों का कराया गया पोस्टमार्टम डूबने वाले युवकों की पहचान मनीष (18 वर्षीय) पुत्र अनेक सिंह और अजीत (18 वर्षीय) पुत्र भूर सिंह के रूप में हुई है। ये दोनों मौसेरे भाई थे और फिरोजाबाद के नगला तुलसी, थाना टूंडला के निवासी थे। सोमवार को अजीत का शव डूबने के करीब 6 घंटे बाद गोताखोरों ने बरामद कर लिया था। मनीष का शव मंगलवार सुबह लगभग 8 बजे घटनास्थल से करीब 700 मीटर दूर एनडीआरएफ की टीम ने बरामद किया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम गुन्नौर विकास चंद्र और थाना प्रभारी संजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। थाना प्रभारी संजय कुमार ने पुष्टि की है कि दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं और परिजनों के अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
Source link
गंगा में डूबे फिरोजाबाद के दो युवकों की मौत:संभल में सोमवती अमावस्या पर स्नान के दौरान मौत, नया ट्रक खरीदने के बाद आए थे