तत्कालीन ईओ राजकुमार गुप्ता से 6 घंटे पूछताछ:101 करोड़ की जमीन घोटाले का मामला, मुरादाबाद जिला कारागार भेजा


संभल पुलिस ने नगर पालिका परिषद के तत्कालीन ईओ राजकुमार गुप्ता से 101 करोड़ रुपये की बेशकीमती जमीन हड़पने के मामले में छह घंटे तक पूछताछ की है। उन्हें रविवार सुबह 8:30 बजे मुरादाबाद जिला कारागार से रिमांड पर लिया गया था। मेडिकल जांच के बाद शाम 7 से 7:30 बजे के बीच उन्हें वापस जिला कारागार में दाखिल कर दिया गया। यह मामला संभल तहसील के थाना रायसत्ती क्षेत्र स्थित गांव तख्तगोसाईन में मुरादाबाद रोड पर 38 बीघा भूमि से जुड़ा है। विवेचक संभल सीओ कुलदीप कुमार ने पूछताछ के दौरान राजकुमार गुप्ता से इलाहाबाद हाईकोर्ट से रिट वापस लेने और इस प्रक्रिया में शामिल अन्य लोगों के बारे में मुख्य सवाल पूछे। सीओ ने बताया कि पूछताछ विवेचना का हिस्सा है, इसलिए इसका विवरण सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। संभल कोतवाली में इस संबंध में एफआईआर दर्ज की गई थी। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने 28 जून को इस जमीन का निरीक्षण किया था। इसके बाद 29 जून को लेखपाल स्पर्श गुप्ता की शिकायत पर 31 नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। यह जमीन पांच गाटा संख्या 206, 207, 238, 242/378, 279 से संबंधित है। मामले में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में, डीडीसी कोर्ट ने 27 जुलाई को वर्ष 2008 में अपनी अदालत द्वारा दिए गए एक आदेश को पलट दिया। यह आदेश 27 जून 2026 को प्रभावी होगा। जांच में सामने आया है कि करोड़ों की इस जमीन को नगर पालिका परिषद संभल के नाम से फर्जी पट्टा दिखाकर डीडीसी कोर्ट से नामांतरण कराकर हड़पने की साजिश रची गई थी। लेखपाल की जांच से खुलासा हुआ कि वर्ष 2008 में उपसंचालक चकबंदी द्वारा इस भूमि का नामांतरण एक फर्जी व्यक्ति के नाम कर दिया गया था। यह नामांतरण फर्जी पट्टे के आधार पर किया गया था, जिस पर नगर पालिका का कोई अधिकार नहीं था। इलाहाबाद हाईकोर्ट में आलम वारसी पुत्र मकसूद हुसैन निवासी पानी टंकी, मौहल्ला मल्ली सराय, आजम खान पुत्र साजिद खान निवासी जिलानी अरबी कॉलेज, मौहल्ला देहली दरवाजा, मुजाहिद पुत्र मौ. हशमत निवासी मौहल्ला बेगम सराय, शाकिर अली पुत्र गुलाम साबिर निवासी नवाड़ा, मौ. रफीक पुत्र जुम्मा एवं मौ. क़ासिम पुत्र जहीर अहमद निवासी मौहल्ला पंजू सराय, शाकिर सबूर पुत्र अब्दुल सबूर खान निवासी बगीचा वाली मस्जिद, मौहल्ला चौधरी सराय, तहसील संभल ने याचिका दाखिल की है। बीती 2 जुलाई को नगर पालिका परिषद संभल के तत्कालीन अधिशासी अधिकारी (वर्तमान में शाहजहांपुर नगर निगम) के सहायक आयुक्त राजकुमार गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पालिका के रिटायर्ड मानचित्र शहाबुद्दीन एवं पैरोकार माजिद खान सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीम दबिश दें रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *