डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान को किया याद:125वीं जयंती पर डॉ. मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान


सोमवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में रजपुरा ब्लॉक स्थित महाराणा प्रताप सभागार में भाजपा ने ‘संस्मरण पखवाड़ा’ के तहत कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता क्षेत्रीय मंत्री अनूप वाल्मीकि, विशिष्ट अतिथि मेरठ कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन विमल शर्मा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हरवीर सिंह पाल ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक अतुल त्यागी ने किया। मुख्य वक्ता अनूप वाल्मीकि ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सामाजिक, शैक्षिक और राजनीतिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे 33 वर्ष की आयु में कोलकाता विश्वविद्यालय के सबसे युवा कुलपति बने और उन्होंने शिक्षा, विज्ञान तथा कृषि जैसे कौशल आधारित विषयों को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने नेहरू-लियाकत समझौते का विरोध करते हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया और अनुच्छेद-370 तथा परमिट व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि उनका ‘एक देश में दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेंगे’ का संकल्प आज राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। विशिष्ट अतिथि विमल शर्मा ने कहा कि उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री के रूप में डॉ. मुखर्जी ने स्वतंत्र भारत की औद्योगिक नीति की मजबूत नींव रखी। उन्होंने निजी और सरकारी क्षेत्र के समन्वय से आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का सार्वजनिक जीवन पूरी तरह पारदर्शी और निष्कलंक रहा तथा वे संविधान सभा के सदस्य के रूप में भी देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे। जिलाध्यक्ष हरवीर सिंह पाल ने कहा कि वर्ष 1951 में डॉ. मुखर्जी ने भारतीय जनसंघ की स्थापना कर देश को एक राष्ट्रवादी राजनीतिक विकल्प दिया। उन्होंने बताया कि जनसंघ की विचारधारा राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक एकता, स्वदेशी और अखंड भारत पर आधारित रही। उन्होंने कहा कि जनसंघ से शुरू हुआ यह वैचारिक सफर आगे चलकर भारतीय जनता पार्टी के रूप में विकसित हुआ और आज अनुच्छेद-370 हटने के साथ डॉ. मुखर्जी का सपना साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि ‘एक संविधान, एक निशान और एक प्रधान’ आज देश की व्यवस्था का हिस्सा बन चुका है। सम्मेलन में पूर्व विधायक सत्यवीर त्यागी, रणवीर राणा, जिला महामंत्री भंवर सिंह तोमर, हरीश चौधरी, समीर चौहान, जिला उपाध्यक्ष फिरेराम धनतला, अतुल त्यागी, संजीव बंसल, जिला मंत्री विमला जाटव, ब्रजवीर सैनी, जिला मीडिया प्रभारी संजीव राणा, कुलदीप तोमर, जिला आईटी संयोजक विनय शर्मा, ब्लॉक प्रमुख कौशल, पंकज चौहान, मोहन गुर्जर, आयुष चपराना, बादल चौधरी, काजू शर्मा, उदय प्रताप, राहुल चौधरी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *