![]()
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के प्रो. राजेन्द्र सिंह (रज्जू भैया) भौतिक विज्ञान अध्ययन एवं शोध संस्थान के रसायन विज्ञान विभाग में कार्यरत सहायक आचार्य डॉ. नितेश जायसवाल को डेनमार्क में आयोजित होने वाले 46वें अंतरराष्ट्रीय कोऑर्डिनेशन केमिस्ट्री सम्मेलन में शोध पत्र प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया गया है। यह सम्मेलन 28 जून से 3 जुलाई 2026 तक ओडेंस, डेनमार्क में होगा। यह सम्मेलन कोऑर्डिनेशन केमिस्ट्री के क्षेत्र का एक प्रतिष्ठित और विश्वस्तरीय आयोजन है, जो प्रत्येक दो वर्ष पर होता है। इसमें विभिन्न देशों के अग्रणी वैज्ञानिक, शिक्षाविद और शोधकर्ता भाग लेते हैं। डॉ. जायसवाल को इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में सहभागिता के लिए अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन, भारत सरकार की अंतरराष्ट्रीय यात्रा योजना के तहत यात्रा अनुदान स्वीकृत हुआ है। डॉ. जायसवाल इस सम्मेलन में अपने शोध विषय ‘मल्टीफंक्शनल सिफ बेस मेटल कॉम्प्लेक्सेस’ पर मौखिक प्रस्तुति देंगे। उनका शोध कार्य संक्रमण धातु-आधारित उपसहसंयोजक यौगिकों के संश्लेषण, संरचनात्मक अध्ययन तथा उनके जैविक एवं औद्योगिक अनुप्रयोगों से संबंधित है। इस अनुदान के माध्यम से उन्हें अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा, वीजा शुल्क और सम्मेलन पंजीकरण शुल्क के लिए आर्थिक सहायता मिली है। सम्मेलन में उपसहसंयोजक यौगिकों के जैविक एवं चिकित्सीय अनुप्रयोग, उत्प्रेरण, ऊर्जा एवं स्थिरता के लिए समन्वय यौगिक, आणविक मॉडलिंग तथा उन्नत पदार्थ विज्ञान जैसे समसामयिक विषयों पर व्याख्यान और प्रस्तुतियां होंगी। डॉ. जायसवाल की इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। संस्थान के निदेशक प्रो. मिथिलेश सिंह और अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने भी बधाई दी। रसायन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. प्रमोद कुमार ने कहा कि डॉ. जायसवाल की सहभागिता विश्वविद्यालय की अंतरराष्ट्रीय पहचान को सुदृढ़ करेगी और वैश्विक शोध सहयोग को बढ़ावा देगी।
Source link
डॉ. नितेश जायसवाल डेनमार्क में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेंगे:अनुसंधान फाउंडेशन से मिला यात्रा अनुदान, शोध पत्र करेंगे प्रस्तुत