![]()
धर्म समाज महाविद्यालय (डीएस कॉलेज) में बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा को उसकी ही कक्षा के छात्र द्वारा कई माह से परेशान करने का मामला सामने आया है। छात्रा का आरोप है कि आरोपी कॉलेज में उसका पीछा करने के साथ उसके घर तक पहुंचने लगा था। गुरुवार दोपहर वह कॉलेज की बॉटनी लैब में पहुंचा और छात्रा के बैग में गिफ्ट रख दिया। इसके बाद उससे जबरन बात करने की कोशिश की। छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर उससे शादी करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया। छात्रा के मुताबिक, मना करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना के बाद छात्रा ने कॉलेज के प्रॉक्टर को जानकारी दी और आरोपी को उनके सुपुर्द करा दिया। इसके साथ ही परिजनों को भी सूचना दी। परिजनों के कॉलेज पहुंचने के बाद कुछ छात्र नेता भी वहां एकत्रित हो गए। इसी दौरान आरोपी छात्र के साथ मारपीट हो गई। जिससे हंगामी स्थिति बनी। बाद में परिजनों की सूचना पर गांधी पार्क थाना पुलिस कॉलेज पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। वहीं कॉलेज प्रशासन शाम तक इस मामले को दबाने के प्रयास में लगा रहा।
कई माह से पीछा करने का आरोप
छात्रा ने गांधी पार्क थाने में दी तहरीर में बताया कि मूल रूप से सहारनपुर का मो. असद उसकी ही कक्षा में पढ़ता है। आरोप है कि वह पिछले काफी समय से उसे परेशान कर रहा है। कॉलेज में उसका पीछा करने के अलावा वह उसके घर तक भी पहुंचने लगा था। छात्रा का आरोप है कि आरोपी उसे रास्ते में रोककर अपने धर्म को अच्छा बताते हुए उससे शादी करने के लिए दबाव डालता था और धर्म परिवर्तन करने की धमकी देता था। छात्रा के मुताबिक, उसने यह बात पहले अपने परिजनों को भी बताई थी। परिवार की ओर से आरोपी को समझाया गया, लेकिन इसके बाद भी उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं।
बॉटनी लैब में गिफ्ट देने लगा
छात्रा ने तहरीर में बताया कि 10 सितंबर दोपहरर में आरोपी बॉटनी लैब में आया और उसे जबरन गिफ्ट देने लगा। छात्रा ने गिफ्ट लेने से मना किया और विरोध किया तो आरोपी ने उसके बैग में गिफ्ट रखते हुए कथित तौर पर कहा, “या तो मुझसे शादी कर ले, नहीं तो मैं तुझे जान से मार दूंगा।” इस घटना के बाद छात्रा ने प्रॉक्टर को पूरी जानकारी दी। कॉलेज स्तर पर आरोपी को प्रॉक्टर के सुपुर्द किया गया। छात्रा ने तत्काल अपने परिजनों को भी कॉलेज बुला लिया।
परिजन पहुंचे तो जुटे छात्र नेता, आरोपी से मारपीट
छात्रा के परिजनों के कॉलेज पहुंचने के बाद मामला गरमा गया। जानकारी मिलने पर कई छात्र नेता भी मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान आरोपी छात्र के साथ कहासुनी हुई और उसके साथ हल्की मारपीट भी की गई। कॉलेज में हंगामे की सूचना पर गांधी पार्क पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
‘डर की वजह से कॉलेज नहीं जा पा रही’
छात्रा ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि आरोपी की हरकतों से वह डरी हुई है। उसे डर है कि आरोपी उसके साथ कोई गंभीर घटना कर सकता है। छात्रा का कहना है कि इसी डर के कारण वह कॉलेज जाने में भी असहज महसूस कर रही है और उसकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उसने आरोपी से अपनी जान को खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर पर मुकदमे की कार्रवाई
सीओ द्वितीय धनंजय के अनुसार छात्रा की तहरीर के आधार पर मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी छात्र हिरासत में है। पुलिस कॉलेज में हुए घटनाक्रम और छात्रा की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
डीएस कॉलेज में छात्रा बैग में रखा गिफ्ट, हंगामा:कई माह से पीछा कर रहा था साथी छात्र, विरोध पर जान से मारने की धमकी, शादी और धर्म परिवर्तन के दबाव का आरोप