डीएम के आदेश पर 3 दिन बंद रहेंगे स्कूल:मेरठ में 21 से 23 मई तक कक्षा 10 तक अवकाश घोषित


मेरठ में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने जिले के सभी बोर्ड के स्कूलों में प्री-प्राइमरी से कक्षा 10 तक 21 मई से 23 मई 2026 तक अवकाश घोषित किया है। डीएम ने कहा कि छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। साथ ही सभी स्कूलों और संबंधित अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में अगले तीन दिनों तक तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। दोपहर के समय बाहर निकलने से लोगों को बचने की सलाह दी गई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भी अलर्ट जारी करते हुए बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टरों के मुताबिक लगातार गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, उल्टी और हीट स्ट्रोक के मामले बढ़ सकते हैं। लोगों को अधिक से अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *