डंपर का पहिया बांधते समय ड्राइवर की मौत:घाटमपुर के हमीरपुर रोड स्थित जियो पेट्रोल पंप के पास दर्दनाक हादसा


घाटमपुर कस्बे में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में डंपर चालक की जान चली गई। हमीरपुर रोड स्थित जियो पेट्रोल पंप के पास यह घटना उस समय हुई, जब चालक डंपर का पहिया बांध रहा था। अचानक टायर और रिम के ऊपर लगने वाली सुतिया तेज दबाव के साथ निकलकर सीधे उसके शरीर से टकराई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, सजेती थाना क्षेत्र के निबिया खेड़ा निवासी नरेंद्र (35) डंपर चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बुधवार को वह डंपर के पहिए में आई खराबी को ठीक करने के बाद उसे बांधने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक सुतिया तेज आवाज के साथ निकल गई और उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल नरेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। हालांकि, वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। नरेंद्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। उसकी पत्नी माया का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं उसके दो बेटियां और एक बेटा हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले ही साधारण थी, ऐसे में नरेंद्र की मौत ने उन्हें गहरे संकट में डाल दिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर यह हादसा तकनीकी लापरवाही और दबाव के कारण सुतिया निकलने से हुआ माना जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *