![]()
जोधपुर में सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग से परेशान होकर महिला इन्फ्लूएंसर ने अपने घर में जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें तुरंत मथुरादास माथुर (MDM) हॉस्पिटल में भर्ती करवाया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे बनाड़ थाना क्षेत्र के शिकारगढ़ स्थित गोदारों की ढाणी (बालाजी फार्म हाउस) की है। इन्फ्लूएंसर (कंटेंट क्रिएटर) अनीता बिश्नोई ने यह कदम उठाने से करीब 5 घंटे पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी किया था। इसमें लिखा था- “आज के बाद आपकी बहन इस दुनिया में नहीं दिखेगी।” अनीता के पति दीनाराम ने कहा- पिछले कुछ दिनों से कुछ इन्फ्लूएंसर लगातार टारगेट करके मेरी पत्नी अनीता बिश्नोई परेशान कर रहे थे। इसके चलते अनीता यह कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सबसे पहले देखिए, सोशल मीडिया की वह पोस्ट… पति बोला- कुछ इन्फ्लूएंसर बदनाम करने की धमकी दे रहे थे पति दीनाराम ने बताया- पत्नी अनीता सोशल मीडिया पर अलग-अलग वीडियो बनाती है, जिसमें राजस्थान की संस्कृति से लेकर जागरूकता का संदेश भी शामिल रहता है। बीते कुछ दिनों से उन्हें सोशल मीडिया के जरिए ट्रोल किया जा रहा था। उन्होंने एक वीडियो बनाया था, जिसमें उन्होंने महिलाओं की वेशभूषा का जिक्र किया था। इसी बात को लेकर उन्हें लगातार ट्रोल किए जाने लगा। पति ने कुछ इन्फ्लूएंसर पर आरोप लगाया कि वो लोग जानबूझकर मेरी पत्नी को टारगेट करते थे। इससे वह काफी परेशान थी। वॉट्सएप मैसेज के जरिए भी कुछ इन्फ्लूएंसर उनको बदनाम करने को लेकर धमकियां दे रहे थे। हालांकि एक बार मैंने इस पूरे प्रकरण को लेकर थाने में रिपोर्ट देने का कहा भी था, लेकिन अनीता ने मना कर दिया था। कहा था- मैं किसी से डरती नहीं हूं। लेकिन आखिरकार अनीता हिम्मत हार गई। जब मैं घर से बाहर था तो उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालांकि उनका जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। घटना के वक्त घर पर नहीं था पति दीनाराम ने बताया- हम बनाड़ थाना क्षेत्र के शिकारगढ़ रोड की तरफ रहते हैं। घटना के समय मैं अपने भाई के घर गया हुआ था। तभी किसी परिचित ने फोन करके बताया कि मेरी पत्नी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट की है। इसमें बताया कि आज के बाद आपकी बहन इस दुनिया में नहीं दिखेगी। इस पर मैं तुरंत अपने घर पहुंचा। तब तक मेरी पत्नी ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया था। मैं उसे लेकर तुरंत जोधपुर के मथुरादास माथुर हॉस्पिटल पहुंचा।
Source link
ट्रोलिंग से परेशान इन्फ्लूएंसर ने खाया जहर:सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- अब इस दुनिया में नहीं दिखूंगी