झांसी में कच्छा-बनियान गैंग के गुर्गे का एनकाउंटर हुआ:चार दिन पहले हाउसिंग सोसायटी में चोरी करने के दौरान की थी फायरिंग, दूसरा साथी फरार


झांसी में गुरुवार देर रात लगभग 2 बजे पुलिस और कच्छा-बनियान गैंग के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही पकड़ लिया गया। वहीं, उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़ा गया बदमाश 6 जुलाई को अशोक सनफ्रान सिटी सोसायटी में चोरी की नीयत से घुसा था और फायरिंग कर फरार हो गया था। इस मामले में नवाबाद थाने में मुकदमा दर्ज है। अशोक सनफ्रान सिटी में फायरिंग कर भागे थे बदमाश
पुलिस के अनुसार, पांच और छह जुलाई की दरम्यानी रात नवाबाद थाना क्षेत्र स्थित अशोक सनफ्रान सिटी सोसायटी में कच्छा-बनियान गैंग के बदमाश चोरी की नीयत से दाखिल हुए थे। हालांकि, घटना को अंजाम देने से पहले ही कॉलोनीवासियों को उनकी मौजूदगी की भनक लग गई। इसके बाद बदमाशों ने फायरिंग की और मौके से फरार हो गए थे। सोसायटी अध्यक्ष की तहरीर पर नवाबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। एसएसपी ने बनाई थीं दो टीमें घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने पुलिस की दो टीमों का गठन किया था। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी कड़ी में गुरुवार को पुलिस को बड़ी सफलता मिली। हालांकि अभी गिरोह के अन्य सदस्य पुलिस की पकड़ से दूर हैं। लेकिन सीओ ने भरोसा दिया है कि अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। मुखबिर की सूचना पर मुस्तरा रोड पर हुई घेराबंदी
सीओ सिटी रामवीर सिंह ने बताया कि गुरुवार रात करीब दो बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि कच्छा-बनियान गैंग के दो बदमाश मुस्तरा रोड पर मौजूद हैं और बाइक से किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया। वहीं, उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। अरमान उर्फ बाबा गिरफ्तार, चोरी के औजार बरामद पकड़े गए आरोपी की पहचान अरमान उर्फ बाबा के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक तमंचा, एक मिस कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक पिट्ठू बैग, हथौड़ा, सरिया, कटर, पेचकस, एक चाकू, टायर लीवर, 700 रुपये नकद और एक बाइक बरामद की गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *