जौनपुर में 4.7 करोड़ से क्षमता वृद्धि स्वीकृत:5 ट्रांसफॉर्मरों से 5 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगी ओवरलोडिंग से राहत


जौनपुर के बिजली उपभोक्ताओं को जल्द ही लो वोल्टेज, ओवरलोडिंग और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग से राहत मिलेगी। शासन ने जिले में पांच ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर कुल 4.7 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस क्षमता वृद्धि से जलालपुर, बजरंगनगर, डोभी, सेहलमपुर और मुर्तजाबाद जैसे क्षेत्रों के पांच हजार से अधिक उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। इन इलाकों में बिजली का लोड बढ़ने के कारण ट्रांसफॉर्मरों पर लगातार ओवरलोडिंग की समस्या बनी रहती थी। विशेषकर गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ने पर ट्रांसफॉर्मर खराब होने और ट्रिपिंग की शिकायतें बढ़ जाती थीं। आए दिन ट्रांसफॉर्मर में खराबी के कारण उपभोक्ताओं को घंटों बिजली कटौती का सामना करना पड़ता था, जिससे उन्हें काफी परेशानी होती थी। बिजली विभाग ने पिछले महीने इन ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता वृद्धि का प्रस्ताव शासन को भेजा था, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है। विभाग के अनुसार, इन ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। अधीक्षण अभियंता, खंड प्रथम, मनोज गुप्ता ने बताया कि पांच ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता वृद्धि के लिए शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि “इन क्षेत्रों में लंबे समय से लो-वोल्टेज और फॉल्ट की समस्या बनी हुई थी। क्षमता वृद्धि होने के बाद उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिलेगी।”

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *