जौनपुर में 20 लाख के जेवर-नकदी चोरी:चोर खिड़की तोड़कर घर में घुसे, 500 मीटर दूर अलमारी खेत में मिली


जौनपुर के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पोटरिया गांव में सोमवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। चोर करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 60 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह हुई, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया। पोटरिया गांव निवासी राममिलन विश्वकर्मा के परिवार के अधिकांश सदस्य सोमवार रात घर की छत पर सो रहे थे, जबकि उनके वृद्ध पिता कमला विश्वकर्मा घर के सामने सोए हुए थे। इसी दौरान देर रात चोर पीछे की खिड़की तोड़कर घर के अंदर घुस गए। चोरों ने घर में रखी एक बड़ी गोदरेज की अलमारी को उठाया और उसे घर से बाहर ले गए। बताया जा रहा है कि चोर अलमारी को गांव से करीब पांच सौ मीटर दूर स्थित कमरुद्दीन के खेत में ले गए, जहां उसे तोड़कर उसमें रखे कीमती आभूषण और नकदी निकाल ली। मंगलवार सुबह खेत में टूटी पड़ी अलमारी मिलने पर चोरी का पता चला। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर दो सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने का झुमका, दो जोड़ी सोने की बाली, दो जोड़ी सोने का झाला, एक सोने का बाला, दो जोड़ी पायल, सात जोड़ी मीना और 60 हजार रुपये नकद ले गए हैं। परिवार का कहना है कि यह चोरी हुई संपत्ति शादी-विवाह और वर्षों की जमा पूंजी थी, जिससे वे सदमे में हैं। घटना की सूचना मिलने पर सरायख्वाजा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। बाद में फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही संदिग्धों की तलाश कर रही है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। उनका आरोप है कि पुलिस प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। थानाध्यक्ष अमरेंद्र पांडेय ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *