![]()
लखनऊ गोमतीनगर विस्तार थानाक्षेत्र में रविवार को जी-20 रोड पर बड़ा बैराज के आगे तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 28 साल की युवती की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना प्रभारी गौरव बाजपेई ने बताया 16 अगस्त को डायल-112 के जरिए जी-20 रोड पर बाइक दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना पर एसआई प्रमोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बाइक पर तीन लोग सवार थे और वे जी-20 रोड से शहीद पथ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में सेवाग्राम सोसाइटी मल्हौर चिनहट निवासी अमिता वर्मा (28) पुत्री मातादीन वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में आलोक पुत्र घासीराम गंगवार (30), निवासी चिनहट-मटियारी और सलोनी वर्मा (30) पुत्री मातादीन वर्मा निवासी सेवाग्राम सोसाइटी, मल्हौर घायल हुए। दोनों को पहले हेल्थसिटी विस्तार अस्पताल ले जाया गया। यहां से डॉक्टरों ने उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतका और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है। मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
Source link
जी-20 रोड पर बाइक डिवाइडर से टकराई, युवती की मौत:तीन लोग थे सवार दो घायल, मोड़ पर अनियंत्रित होकर हुआ हादसा