जियाउर्रहमान बर्क बोले- सांसद इकरा हसन पर झूठे मुकदमे:संभल में कहा- जनता की आवाज दबाना संविधान के लिए अच्छा नहीं


समाजवादी पार्टी के संभल सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कैराना सांसद इकरा हसन पर दर्ज हुई एफआईआर पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के मुद्दों को उठाने के कारण उनके और उनके परिवार के खिलाफ भी झूठे मुकदमे दर्ज किए गए हैं। सांसद बर्क ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि जब संभल में हालात बिगड़े थे, तब उन्होंने जनता के साथ खड़े होकर विरोध किया था। इसी दौरान उनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई थी। उन्होंने कहा कि वह इन सभी मामलों का अदालत में सामना कर रहे हैं। बर्क ने जोर देकर कहा कि वह अपने दादा द्वारा सिखाए गए राजनीतिक सिद्धांतों का पालन करते हुए सड़क से लेकर संसद तक सच और हक की बात उठाते रहेंगे। उन्होंने अपनी साथी सांसद इकरा हसन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने भी जनता से जुड़े कई मसलों पर आवाज उठाई थी, जिसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। बर्क ने इस कार्रवाई को अनुचित बताया। सांसद बर्क ने सवाल उठाया कि यदि जनता के लिए आवाज उठाने वाले जनप्रतिनिधियों के खिलाफ गलत कार्रवाई की जाएगी, तो फिर कौन जनता की आवाज उठाएगा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का कर्तव्य जनता का प्रतिनिधित्व करना और उनके सुख-दु:ख में साथ खड़ा होना है। उन्होंने ऐसी कार्रवाईयों को देश के संविधान और स्वस्थ लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं बताया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *