![]()
किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में जालौन जिले में व्यापक एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। अभियान की तैयारियों को लेकर डीएम राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक एवं धर्मगुरु सहभागिता सम्मेलन आयोजित किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के तहत जिले की 9,786 पात्र किशोरियों को एचपीवी का टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अभियान 3 से 17 सितंबर तक चलेगा। इसके तहत ऐसी 14 वर्ष की किशोरियों का टीकाकरण किया जाएगा, जिनका 14वां जन्मदिन हो चुका है और 15वां जन्मदिन अभी नहीं हुआ है। विभाग का प्रयास है कि 10 सितंबर तक लक्षित 9,786 बालिकाओं को टीके से आच्छादित कर लिया जाए। बैठक में डीएम ने विद्यालयों की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों, राजकीय बालिका इंटर कॉलेजों समेत सभी संबंधित विद्यालयों में पात्र छात्राओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षक और विद्यालय प्रबंधन छात्राओं के साथ उनके अभिभावकों को भी एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर से बचाव और टीकाकरण के महत्व की सही एवं प्रमाणित जानकारी उपलब्ध कराएं। डीएम ने राजकीय मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक को काशीराम कॉलोनी में विशेष शिविर आयोजित कर लक्षित बालिकाओं का टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। जिला महिला एवं पुरुष चिकित्सालयों में व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ टीकाकरण के बाद होने वाली किसी भी प्रतिकूल घटना (AEFI) के प्रबंधन की पर्याप्त व्यवस्था रखने को कहा गया। ओपीडी में आने वाली महिलाओं और बालिकाओं को भी एचपीवी टीके के लाभ की जानकारी देने के निर्देश दिए गए। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि अभियान में Gardasil (Quadrivalent) वैक्सीन का प्रयोग किया जाएगा। टीकाकरण जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर/उपकेंद्रों के अलावा बड़े विद्यालयों में भी कराया जाएगा। टीकाकरण पूरी तरह स्वैच्छिक रहेगा और अभिभावक की लिखित अथवा U-WIN पोर्टल के माध्यम से डिजिटल सहमति प्राप्त होने के बाद ही बालिका को टीका लगाया जाएगा।
Source link
जालौन में 9,786 किशोरियों को लगेगा एचपीवी का टीका:सर्वाइकल कैंसर से बचाएगा, 3 से 17 सितंबर तक चलेगा अभियान