जन्मदिन के लिए केक लेने गए युवक की मौत:उन्नाव में ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, चचेरा भाई घायल


उन्नाव में जन्मदिन की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब केक लेने गए एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना आसीवन थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुई। पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया। औरास क्षेत्र के दलेलपुर गांव निवासी रंजीत (18) पुत्र राकेश अपने चचेरे भाई मनीष (17) के साथ बाइक से हैदराबाद कस्बा गया था। परिवार में रंजीत की बड़ी बहन दर्शनी की बेटी का जन्मदिन मनाया जाना था, जिसके लिए दोनों युवक केक लेने बाजार गए थे। केक खरीदने के बाद वे देर शाम घर लौट रहे थे।
ओवरटेक करते समय हुआ हादसा
उन्नाव-संडीला मार्ग पर आसीवन थाना क्षेत्र के डालखेड़ा गांव के पास यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि पीछे से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को ओवरटेक किया। ट्रैक्टर में बंधा हैरो अचानक बाइक से टकरा गया, जिससे बाइक बेकाबू होकर सड़क पर गिर गई। इस टक्कर में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मियागंज पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रंजीत को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मनीष की हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है। रंजीत की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक छा गया। रंजीत चार बहनों में इकलौता भाई था। उसकी बड़ी बहनें दर्शनी, रोशनी, मिटी और सबसे छोटी बहन गोल्डी इस घटना से सदमे में हैं। मां गीता भी बेटे की मौत से गहरे सदमे में हैं। जिस घर में जन्मदिन की तैयारी चल रही थी, वहां अचानक दुख का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *