जनगणना ड्यूटी में लापरवाही पर बड़ा एक्शन:165 कर्मचारियों पर FIR, 92 शिक्षक और 43 आंगनवाड़ी कर्मी शामिल


गौतमबुद्धनगर में जनगणना-2027 के कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जनगणना कार्य में सहयोग नहीं करने और ड्यूटी स्थल पर काम शुरू नहीं करने वाले कुल 165 कर्मचारियों के खिलाफ संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई गई है। इनमें सबसे अधिक 92 शिक्षक और सहायक अध्यापक शामिल हैं, जबकि 43 आंगनवाड़ी कर्मियों पर भी कार्रवाई हुई है। इसके अलावा अन्य विभागों के 30 कर्मचारियों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई गई है। प्रशासन के अनुसार जनगणना-2027 का कार्य जिले में तेजी से चल रहा है। जिले में कुल 2284 एचएलबी निर्धारित किए गए हैं, जिनमें से 1605 एचएलबी पर कार्य प्रगतिरत है। अब तक 16 एचएलबी का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि 654 एचएलबी पर अभी काम शुरू नहीं हो सका है। प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक अभी तक करीब 70 प्रतिशत एचएलबी ही लाइव हो पाए हैं। अधिकारियों ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय स्तर का अनिवार्य और समयबद्ध कार्य है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या असहयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन कर्मचारियों द्वारा कार्य में सहयोग नहीं किया जा रहा है, उनके खिलाफ प्रशासनिक और अनुशासनात्मक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन कर्मियों की वजह से जनगणना कार्य प्रभावित होगा, उसके लिए संबंधित कर्मचारी स्वयं जिम्मेदार होंगे। अधिकारियों ने सभी विभागीय कर्मचारियों को तत्काल अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *