छपरा एक्सप्रेस से 36.25 लाख रुपये बरामद:गाजीपुर का युवक गिरफ्तार, वैध दस्तावेज नहीं मिले


जीआरपी बलिया ने यात्रियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने छपरा एक्सप्रेस ट्रेन में जांच के दौरान 36 लाख 25 हजार रुपये की संदिग्ध नगदी के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। बरामद धन के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने धनराशि जब्त कर आयकर विभाग को सूचना दी है। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे रामकृष्ण भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र के निर्देश पर रेलवे क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। इसी क्रम में, पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सवि रत्न गौतम के पर्यवेक्षण में जीआरपी बलिया की टीम 11 जून, 2026 को स्टेशन पर सघन चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान, टीम ने 15054 छपरा एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में सवार एक संदिग्ध युवक की तलाशी ली। युवक के पास मौजूद लाल रंग के बैग की जांच करने पर उसमें 36 लाख 25 हजार रुपये की बड़ी नगदी बरामद हुई। पकड़े गए संदिग्ध की पहचान संचित अग्रवाल पुत्र संतोष अग्रवाल, निवासी नवाब साहब का फाटक, थाना कोतवाली, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह यह रुपये अपने घर गाजीपुर से छपरा कचहरी (बिहार) स्थित अमन जायसवाल की ज्वेलरी शॉप पर ले जा रहा था। हालांकि, वह इतनी बड़ी नगदी ले जाने के संबंध में कोई वैध प्रमाण पत्र या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जीआरपी बलिया ने बरामद धनराशि को पूरी वीडियोग्राफी के साथ कब्जे में ले लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर उपनिदेशक (जांच), यूनिट 2 वाराणसी को सूचित किया गया है। फिलहाल, पकड़े गए व्यक्ति से आगे की पूछताछ जारी है और उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से अवैध नगदी की तस्करी जैसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगेगा। इस सफल अभियान में थानाध्यक्ष राज कपूर सिंह (जीआरपी थाना बलिया), उप-निरीक्षक ओमशंकर गुप्ता (जीआरपी चौकी सुरेमनपुर) और कांस्टेबल संदीप कुमार-2 की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *