चोरी की बाइक बेचने पहुंचे दो शातिर गिरफ्तार:कब्जे से ट्रांस यमुना पुलिस ने मोटरसाइकिल, तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद


पुलिस ने चोरी की बाइक बेचने की फिराक में खड़े दो शातिरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की गई एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल, एक देसी तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह बाइक शनिवार को न्यू आगरा थाना क्षेत्र के जागेश्वर नगर, दयालबाग से चोरी की थी। ट्रांस यमुना थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार रविवार को उप निरीक्षक हरिओम कुमार, हिमांशु सैनी और अन्य टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक भवानी सिंह कॉलेज के पास चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और शातिर गोविन्दा तथा जितेन्द्र को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल के अलावा 315 बोर का एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में न्यू आगरा थाने में चोरी का मुकदमा पहले से दर्ज है। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर ट्रांस यमुना थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी गोविन्दा पर पहले से चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, जितेन्द्र का नाम भी पूर्व में एक बाइक चोरी के मुकदमे में सामने आ चुका है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने पूर्व में कितनी अन्य वाहन चोरियों को अंजाम दिया है और उनके गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका रही है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *