चित्रकूट में नक्शा स्वीकृति प्रक्रिया पर डीएम सख्त:बोले- तकनीकी लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं होगी


चित्रकूट में भवन निर्माण नक्शा स्वीकृति प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए शुक्रवार को चित्रकूट विकास प्राधिकरण कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में हुई बैठक में विकास प्राधिकरण के सचिव, सहायक अभियंता, अवर अभियंता और अधिकृत मानचित्रकार मौजूद रहे। डीएम ने स्पष्ट कहा कि नक्शा स्वीकृति में तकनीकी लापरवाही और अनावश्यक देरी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने शहर के सुनियोजित विकास के लिए सभी तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से व्यावसायिक और बहुमंजिला भवनों के नक्शों में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था अनिवार्य रूप से शामिल करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था के बिना किसी भी मानचित्र को स्वीकृति न दी जाए, ताकि भविष्य में यातायात संबंधी समस्याएं न बढ़ें। मास्टर प्लान और सुरक्षा मानकों का हो पालन बैठक में डीएम ने अधिकारियों को मास्टर प्लान और भू-उपयोग (लैंड यूज) के नियमों का पूरी तरह पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने भवन निर्माण में निर्धारित सेटबैक, सड़क चौड़ीकरण के लिए आवश्यक स्थान और एफएआर (फ्लोर एरिया रेशियो) के मानकों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा प्रत्येक भवन के मानचित्र में फायर सेफ्टी और भूकंपरोधी निर्माण से जुड़े सुरक्षा मानकों का स्पष्ट प्रावधान रखने के निर्देश भी दिए गए। फाइलें बेवजह लंबित न रखें जिलाधिकारी ने कहा कि आम नागरिकों को नक्शा स्वीकृत कराने के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए। यदि किसी आवेदन में तकनीकी कमी हो तो उसे एक बार में ही स्पष्ट रूप से आवेदक को बता दिया जाए, ताकि अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना किसी ठोस तकनीकी कारण के फाइलें लंबित रखने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। ऑनलाइन प्रणाली के प्रभावी उपयोग पर जोर डीएम ने नक्शा स्वीकृति की ऑनलाइन प्रणाली का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए, ताकि प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तेज हो सके। बैठक के अंत में उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि नक्शा स्वीकृति प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनावश्यक देरी या नियमों की अनदेखी पाई गई तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *