चित्रकूट के पाठा में निःशुल्क नेत्र शिविर:बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा ने 150 मरीजों की जांच कर चश्मे बांटे


चित्रकूट के पाठा क्षेत्र में बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा ने एक निःशुल्क विशाल नेत्र परीक्षण एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया। यह शिविर बिजहना कोलान स्थित आयुष्मान स्वास्थ्य केंद्र, बड़ी मडैयन और कम्पोजिट विद्यालय सेहरिन में लगाया गया। इसमें लगभग 150 मरीजों की आंखों की जांच की गई। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की आंखों की गहन जांच की। जिन मरीजों को नजदीक या दूर देखने में समस्या थी, उन्हें निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए गए। मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को बेहतर उपचार और ऑपरेशन के लिए चित्रकूट रेफर किया गया। मरीजों को आंखों की देखभाल और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियां भी दी गईं। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराना था। शिविर के आयोजन से क्षेत्रीय लोगों में काफी उत्साह देखा गया और ग्रामीणों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना की। इस अवसर पर एडवोकेट प्रखर पटेल ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है और भविष्य में भी ऐसे जनसेवा कार्य जारी रहेंगे। समाजसेवी मुकेश कुमार ने बताया कि पाठा क्षेत्र के ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए काफी संघर्ष करना पड़ता है, इसलिए ऐसे शिविर उनके लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होते हैं। शिविर को सफल बनाने में डॉ. श्रीकांत पाण्डेय, इंद्र पाल, जगनंदन, डॉ. लवकुश यादव, जगत पटेल, अतुल, जानकी, लवकुश, अभय, निखिल, गौरा देवी, बुद्ध विलास सहित अन्य सहयोगी साथियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजकों ने शिविर में सहयोग देने वाले सभी डॉक्टरों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा ने भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहित और स्वास्थ्य संबंधी शिविर आयोजित करने का संकल्प लिया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *