चित्रकूट के अभिषेक जर्मनी में वैज्ञानिक बने:केएलयू यूनिवर्सिटी में हुआ कैंपस सिलेक्शन


चित्रकूट के अभिषेक सिंह चौहान ने जर्मनी की प्रतिष्ठित केएलयू यूनिवर्सिटी में वैज्ञानिक का पद प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने इसी विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ साइंस की डिग्री सर्वोच्च अंकों के साथ हासिल की थी। अभिषेक ने 1 जुलाई को अपने नए पद पर कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही चित्रकूट इंटर कॉलेज (सीआईसी) कर्वी में खुशी का माहौल बन गया, जहां उनके पिता डॉ. रणवीर सिंह चौहान प्रधानाचार्य हैं। अभिषेक ने वर्ष 2017 में आईआईटी मुंबई से इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की थी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की, लेकिन सफलता न मिलने पर उन्होंने इंजीनियरिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने का निर्णय लिया। उन्होंने जीआरई परीक्षा उत्तीर्ण की और जर्मनी की केएलयू यूनिवर्सिटी में मास्टर ऑफ साइंस पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया। दो वर्षों की कड़ी मेहनत के बाद अभिषेक ने मास्टर ऑफ साइंस की डिग्री सर्वोच्च अंकों के साथ प्राप्त की। उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों और शोध क्षमता को देखते हुए विश्वविद्यालय ने उन्हें कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से वैज्ञानिक के पद के लिए चयनित किया। यह उपलब्धि उनके परिवार के साथ-साथ पूरे चित्रकूट जिले के लिए गर्व का विषय है। चित्रकूट इंटर कॉलेज के शिक्षकों ने अभिषेक की सफलता को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि अभिषेक ने यह साबित कर दिया है कि निरंतर मेहनत, लक्ष्य के प्रति समर्पण और कठिन परिस्थितियों में भी हार न मानने का जज्बा व्यक्ति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला सकता है। शिक्षकों, कर्मचारियों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने अभिषेक को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *