![]()
बरेली। विशेष पॉक्सो कोर्ट ने बारादरी थाना क्षेत्र में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास के मामले में एक पड़ोसी को 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है, जिसका भुगतान न करने पर उसे छह माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। यह घटना 17 जुलाई 2025 को हुई थी। पुलिस के अनुसार, बारादरी क्षेत्र में रहने वाली चार वर्षीय बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। आरोप है कि पड़ोसी मुकेश गुप्ता उसे टॉफी और पांच रुपये का लालच देकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची के रोने पर आरोपी ने उसे चुप कराकर घर भेज दिया। घर पहुंचने पर बच्ची ने अपनी मां को पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिजनों ने बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जांच पूरी होने के बाद न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने सात गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्य अदालत में पेश किए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद विशेष पॉक्सो-02 न्यायालय ने आरोपी को दोषी करार दिया और उसे 20 साल के कठोर कारावास तथा 50 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई।
Source link
चार साल की बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास:पॉक्सो कोर्ट ने पड़ोसी को 20 साल की सजा सुनाई