![]()
फिरोजाबाद में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) थाना पुलिस और श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने बाल श्रम उन्मूलन अभियान के तहत चार बच्चों को मुक्त कराया। रेस्क्यू किए गए बच्चों को नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को सौंप दिया गया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांगहे के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक नगर रविशंकर प्रसाद व एएचटी नोडल अधिकारी के निर्देशन में की गई। एएचटी पुलिस और श्रम विभाग की टीम ने थाना रामगढ़ क्षेत्र के अब्बास नगर और सैलई पुलिया इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया। पूर्व में मिली सूचनाओं और रेकी के आधार पर चार बच्चों को बाल श्रम करते हुए पाया गया और उन्हें मौके से मुक्त कराया गया। अभियान का नेतृत्व एएचटी थाना प्रभारी विपिन कुमार ने किया। संयुक्त टीम में श्रम प्रवर्तन अधिकारी विनीत कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक गोवर्धन राम, महिला मुख्य आरक्षी सुप्रिया और महिला आरक्षी प्रिया शामिल थीं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में बाल श्रम के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा। बच्चों से श्रम कराने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आमजन से भी अपील की गई है कि बाल श्रम से संबंधित कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस और श्रम विभाग को सूचित करें।
Source link
चार बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया:फिरोजाबाद में पुलिस और श्रम विभाग की संयुक्त कार्रवाई