![]()
महाराजगंज जिले के दो युवा स्केटर रितेश (हरखपुरा) और शिवशंकर (मिठौरा बाजार) ने स्केटिंग के माध्यम से धार्मिक स्थलों की अनूठी यात्रा पूरी की है। दोनों दोस्त 25 जुलाई को महाराजगंज से स्केटिंग करते हुए धार्मिक यात्रा पर निकले थे और आज गुरुवार को जिले में वापस लौटे। यात्रा के दौरान उन्होंने अयोध्या, खाटू श्याम, केदारनाथ सहित चारों धाम का सफर तय किया। हरिद्वार पहुंचकर उन्होंने हरकी पैड़ी से गंगाजल भरा, जिसे वे ईटहिया स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर ले जाने के लिए रवाना हुए। स्केटिंग के माध्यम से लंबी दूरी तय कर धार्मिक स्थलों की यात्रा करने का उनका यह प्रयास क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। जिले में आगमन पर नगर के सक्सेना तिराहे पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, नगर अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव और भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों युवाओं का जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने रितेश और शिवशंकर को माला पहनाकर और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान मौजूद लोगों ने दोनों युवाओं के साहस, लगन और धार्मिक आस्था की सराहना की। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल ने कहा कि युवाओं में धार्मिक आस्था के साथ साहस और सकारात्मक सोच का होना समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि रितेश और शिवशंकर ने जिस तरह स्केटिंग के माध्यम से लंबी यात्रा पूरी की है, वह अन्य युवाओं को भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देती है। नगर अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव ने कहा कि दोनों युवाओं ने अपने अनूठे प्रयास से महाराजगंज का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने दोनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए यात्रा की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
Source link
चारों धाम की यात्रा कर महाराजगंज लौटे:दो युवा स्केटरों ने स्केटिंग से धार्मिक यात्रा पूरी की, जिले में स्वागत हुआ