चलते ट्रक का टायर फटा:कानपुर में चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, दो सुरक्षित


कानपुर में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया जब रामादेवी से नौबस्ता की ओर जा रहे एक ट्रक का अचानक टायर फट गया। तेज धमाके के साथ टायर फटने से ट्रक अनियंत्रित हो गया और कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, चालक की सूझबूझ और तत्परता के चलते संभावित बड़ा हादसा टल गया, जिससे चालक और परिचालक बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक रामादेवी से नौबस्ता की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रक का एक टायर फट गया। टायर फटते ही वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक सड़क पर डगमगाने लगा। घटना के समय सड़क पर अन्य वाहन भी गुजर रहे थे, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई थी। घटना के बाद जाम की स्थिति बन गई हालांकि सूचना पर पहुची पुलिस ने मोर्चा संभाला और यातायात सामान्य करवाया। सूझबूझ से टला बड़ा हादसा उरई निवासी ट्रक चालक राजेश ने घबराने के बजाय धैर्य का परिचय दिया। उन्होंने तत्काल वाहन पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया और सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को धीरे-धीरे सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर रोक दिया। ट्रक में मौजूद परिचालक मोनू भी इस दौरान सुरक्षित रहा। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। टायर फटने की तेज आवाज सुनकर कुछ देर के लिए लोग दहशत में आ गए थे। गनीमत रही कि ट्रक किसी अन्य वाहन या राहगीर की चपेट में नहीं आया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि चालक समय रहते वाहन पर नियंत्रण नहीं पाता तो ट्रक सड़क पर पलट सकता था या किसी अन्य वाहन से टकराकर बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, लेकिन ट्रक को सुरक्षित किनारे लगाए जाने के बाद स्थिति सामान्य हो गई। टीएसआई ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने यातायात सामान्य करवाया। करीब 40 मिनट बाद ट्रक चालक टायर बदलकर वहां से चला गया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *