चंदौली में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:परिजनों ने ससुराल पर उत्पीड़न का आरोप लगाया, फंदे पर लटका मिला शव


चंदौली जिले के नियमताबाद क्षेत्र के कठौरी गांव में मंगलवार देर शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 27 वर्षीय सानू यादव के रूप में हुई है। वह वाराणसी के नगवा क्षेत्र निवासी महेंद्र यादव की पुत्री थीं। सानू का विवाह जून 2023 में कठौरी निवासी धीरज यादव से हुआ था। मृतका के मामा भानु यादव ने आरोप लगाया है कि सानू को शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि चार दिन पहले सानू ने फोन पर अपनी परेशानी और सास द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न की जानकारी दी थी। परिजनों का आरोप है कि लगातार मानसिक प्रताड़ना के कारण सानू ने यह आत्मघाती कदम उठाया। परिजनों के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि सानू ने फांसी लगा ली है। घटना की जानकारी मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हल्का इंचार्ज गिरीश राय ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिवार के सदस्यों ने शव को फंदे से उतार दिया था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक पूछताछ शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष में आक्रोश और शोक का माहौल है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *