![]()
चंदौली पुलिस और स्वाट की संयुक्त टीम की गुरुवार देर रात हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। यह मुठभेड़ 20 अप्रैल की रात अलीनगर थाना क्षेत्र के रेवसा गांव में हुई एक घटना से संबंधित है। उस रात, फरमान अपने परिवार के साथ कव्वाली कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी धर्मेंद्र भारती और उसके साथियों ने उनकी कार रोककर फायरिंग की। असफल होने पर, उन्होंने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से कार और उसमें बैठे लोगों पर हमला किया। गांव वालों के पहुंचने पर हमलावर फरार हो गए थे। इसी मामले की जांच के दौरान गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी धर्मेंद्र भारती सकलडीहा थाना क्षेत्र के दीनदासपुर गांव में अपने रिश्तेदार के घर छिपा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों के विरोध के बावजूद आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी को लेकर पुलिस टीम अवैध असलहा बरामद करने के लिए रिंग रोड स्थित महेवा गांव के पास पहुंची। इस दौरान, आरोपी ने छिपाए गए स्थान से लोडेड असलहा निकालकर पुलिस टीम पर निशाना साधकर फायरिंग कर दी। पहले से सतर्क पुलिस टीम ने बचाव में जवाबी फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। एसपी आकाश पटेल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से 33 गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को संरक्षण देने के आरोप में उसके रिश्तेदारों पर भी मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
Source link
चंदौली में पुलिस मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र घायल:बदमाश के दोनों पैरों में लगी गोली, पुलिस ने किया गिरफ्तार