![]()
कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां पुलिस की वर्दी में पहुंचे बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए उससे नगदी लूट ली। विरोध करने पर आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट भी की और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने उच्च अधिकारियों से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। जानकारी के अनुसार, साढ़ थाना क्षेत्र के हाजीपुर कदीम, चंदापुर निवासी शिवा दीक्षित उर्फ राज बुधवार सुबह करीब 20 हजार रुपये लेकर मौरंग खरीदने के लिए निकले थे। वह घाटमपुर-जहानाबाद रोड पर नौरंगा के पास पहुंचे ही थे कि चंदनपुर मोड़ से करीब आधा किलोमीटर पहले पीछे से बाइक सवार दो लोग आए, जो पुलिस की वर्दी में थे। उन्होंने शिवा को रोककर पूछताछ शुरू की। बाइक चला रहे व्यक्ति ने अपना चेहरा सफेद गमछे से ढक रखा था, जिससे उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी। पीड़ित के अनुसार, पूछताछ के दौरान ही दोनों ने अचानक उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने उसकी तलाशी ली और बाइक की डिग्गी से 20 हजार रुपये निकाल लिए। जब शिवा ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे दोबारा पीटा। उसका फोटो खींचकर धमकाते हुए वहां से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद शिवा ने डायल 112 पर सूचना दी, लेकिन आरोप है कि करीब 40 मिनट तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे परेशान होकर वह अपने घर लौट गए और बाद में घाटमपुर स्थित एसीपी कार्यालय पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। एसीपी बोले- जल्द खुलासा करेंगे घाटमपुर के एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link
घाटमपुर में पुलिस वर्दी में बदमाशों का आतंक::बाइक सवारों ने युवक से 20 हजार लूटे, विरोध पर बेरहमी से पीटा; जांच में जुटी पुलिस