![]()
पारा थाना क्षेत्र के हंसखेड़ा में एक व्यक्ति ने पड़ोस की महिला और उसके पति समेत चार लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपियों ने उनके घर में घुसकर मारपीट की, गाली-गलौज की और उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन व 5 हजार रुपए लूट लिए। पीड़ित का यह भी आरोप है कि महिला इंस्टाग्राम पर उनकी और उनकी पत्नी की तस्वीरें लगाकर अभद्र टिप्पणियां कर रही है। साथ ही उन्हें जान से मारने और हंसखेड़ा इलाका छोड़कर चले जाने की धमकी भी दी जा रही है। पारा पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लूटे रुपए और चेन वापस करने को कहा, लेकिन किया नहीं हंसखेड़ा निवासी श्रीराम यादव ने पुलिस को बताया कि 28 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे वह अपनी पत्नी सोनी के साथ घर पर थे। शिकायत के अनुसार, इसी दौरान हिमांशी यादव उर्फ झांसी की रानी, उसका पति विनोद यादव और दो अज्ञात लोग उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने बिना किसी कारण के गाली-गलौज शुरू कर दी और दंपती के साथ मारपीट की। इसी दौरान उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन और पांच हजार रुपए छीन लिए गए। पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद आरोपियों ने पड़ोसियों से कहा था कि वे चेन और रुपए कुछ दिन बाद वापस कर देंगे। हालांकि, काफी समय बीतने के बाद भी यह सामान वापस नहीं किया गया। जब श्रीराम ने इसका विरोध किया, तो उन्हें धमकी दी गई कि जो करना है कर लो, रुपए और चेन वापस नहीं मिलेंगे। इंस्टाग्राम पर अभद्र टिप्पणियों से बदनामी हो रही श्रीराम ने अपनी शिकायत में यह भी कहा है कि महिला इंस्टाग्राम पर उनकी और उनकी पत्नी की तस्वीरें लगाकर लगातार अभद्र टिप्पणियां कर रही है, जिससे उनकी बदनामी हो रही है। उन्हें सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। हंसखेड़ा छोड़कर चले जाने का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अपनी व पत्नी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
Source link
घर में घुसकर दंपती से मारपीट, नकदी-चेन लूटी:पारा में महिला ने इंस्टाग्राम पर अभद्र टिप्पणी की, बोली- इलाका छोड़कर चले जाओ