![]()
ग्रेटर नोएडा के बीटा 2 कोतवाली क्षेत्र में एक घर से दो गैस सिलेंडर चोरी हो गए। बदमाशों ने खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताकर बच्चों को झांसा दिया और रसोई से सिलेंडर लेकर फरार हो गए। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। यह घटना सोमवार दोपहर करीब 2 बजे की है, जब घर पर 8 और 14 वर्षीय बच्चे मौजूद थे। उनके माता-पिता ड्यूटी पर गए हुए थे। एक बाइक पर सवार दो बदमाश घर पहुंचे। एक बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दूसरे ने अपना चेहरा कपड़े से ढका हुआ था। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे गैस एजेंसी से आए हैं और सिलेंडर में लीकेज की शिकायत मिली है। बच्चों ने बताया कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं है। इस पर एक बदमाश ने अपने मोबाइल से कॉल कर बच्चों को उनके पिता से बात करने को कहा। दूसरी तरफ से प्रदीप की आवाज में कुछ कहा गया, जिससे बच्चे बदमाशों के झांसे में आ गए। बदमाशों ने रसोई में रखे दोनों सिलेंडरों पर पानी छिड़ककर लीकेज का नाटक किया और कहा कि सिलेंडर बदलने पड़ेंगे। बच्चे कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बदमाश दोनों सिलेंडरों को अपनी बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर रखकर फरार हो गए। यह घटना लगभग 2:10 बजे हुई। कुछ देर बाद जब प्रीति घर लौटीं, तो बच्चों ने उन्हें पूरी घटना बताई। पीड़ित प्रदीप सजवाण, जो मूलरूप से उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग के निवासी हैं और पिछले तीन साल से सेक्टर बीटा दो के एफ-78 मकान में किराए पर अपनी पत्नी प्रीति और दो बच्चों के साथ रहते हैं, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को पड़ोस के घर के सीसीटीवी फुटेज में बदमाश सिलेंडर ले जाते हुए दिखे हैं। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि घटना संज्ञान में है और शिकायत पत्र मिला है। बदमाशों की पहचान कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
Source link
ग्रेटर नोएडा में गैस एजेंसी कर्मी बन सिलेंडर चोरी:बदमाश बच्चों को झांसा देकर दो गैस सिलेंडर ले उड़े, CCTV में कैद