ग्रेटर नोएडा के फ्लैट की छत का प्लास्टर गिरा:बाल-बाल बचे फर्श पर खेल रहे बच्चे, करोड़ों के फ्लैट में सुरक्षा पर उठे सवाल


ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक बार फिर एक फ्लैट की छत का प्लास्टर गिर गया। यह घटना बिसरख थाना क्षेत्र के गौर सिटी के फर्स्ट एवेन्यू में हुई, जहां अशोक कुमार अपने परिवार के साथ किराए पर रहते हैं। आज सुबह शुक्रवार को करीब 10:30 बजे जब उनकी पत्नी और बच्चे घर पर मौजूद थे, तभी अचानक प्लास्टर का एक बड़ा हिस्सा नीचे आ गिरा। प्लास्टर गिरने से तेज आवाज हुई। फ्लैट में मौजूद अशोक कुमार की पत्नी ने तुरंत इसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में उन्होंने बताया कि कुछ देर पहले ही उनका बच्चा उसी जगह खड़ा था जहां प्लास्टर गिरा है। उन्होंने आशंका जताई कि अगर बच्चा वहां होता तो गंभीर रूप से घायल हो सकता था। सोसाइटी के एओए अध्यक्ष संदीप पाठक ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि आज सुबह करीब 10:30 बजे डी-157 नंबर फ्लैट में छत का प्लास्टर गिरा था। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। सोसाइटी के अन्य निवासियों ने इस घटना पर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि सोसाइटी में आए दिन कहीं न कहीं प्लास्टर गिरने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। निवासियों ने करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी अपनी सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *