![]()
आगरा के थाना सदर के रोहता क्षेत्र में ज्वेलर्स की दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचे शातिरों ने टप्पेबाजी की घटना को अंजाम दिया। ज्वेलर्स की दुकान पर आए युवक ने बालियां देखीं। पसंद कर एक बाली को संभाल कर रखने की बोलकर एडवांस में एक हजार रुपये दिए। नोट हाथ में लेने के कुछ ही सेकेंड बाद दुकानदार बेसुध हो गए। युवक ने दराज से दो पैकेट निकाले और साथी के साथ भाग गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सदर के रोहता क्षेत्र में निशांत सोनी की ओम ज्वेलर्स नाम से दुकान है। निशांत ने बताया कि वह बुधवार दोपहर करीब दो बजे दुकान के काम से आगरा से बाहर थे। दुकान पर पिता गोलाराम सैनी बैठे हुए थे। दोपहर 3 बजे के करीब एक बाइक पर दो युवक आए। उनमें से एक दुकान के अंदर आया। बच्ची के लिए कान की बालियां दिखाने को कहा। एक बाली पसंद की और 1 हजार रुपये देकर उन्हें अलग रखने को कहा। कुछ देर बाद बाकी के रुपये देकर बाली ले जाने का आश्वासन दिया। एडवांस में दिए नोट हाथ में लेने के कुछ ही सेकेंड के बाद पिता बेसुध हो गए।
युवक ने काउंटर की दराज खोलकर उसमें रखे जेवर के दो पैकेट निकाले और बाहर खड़े अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर भाग गया। एक पैकेट में मंगलसूत्र और दूसरे में लॉकेट, मांग टीका आदि सामान था। टप्पेबाज करीब 50 ग्राम सोने के जेवर ले गए। कुछ देर बात होश में आने पर पिता ने उन्हें जानकारी दी। मामले की सूचना पुलिस को दी। निशांत ने बताया कि दुकान में लगे सीसीटीवी में खराबी थी लेकिन पड़ोस की दुकान में लगे सीसीटीवी में आरोपी और उनकी बाइक दिख रही है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि टप्पेबाजों की तलाश में सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग देखी जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Source link
ग्राहक बनकर आए शातिरों ने ज्वेलर्स को बनाया निशाना:सोने के कुंडल पसंद किए, एक हजार रुपए देते ही ज्वेलर्स हुआ बेहोश