गोला में जाम से राहत का रोडमैप तैयार:सीडीओ ने कॉरिडोर और सड़कों के चौड़ीकरण का ब्लूप्रिंट बनाया


लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ में बढ़ते यातायात दबाव और श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए प्रशासन ने सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक बड़ी पहल की है। कॉरिडोर निर्माण के साथ शहर को नई गति देने के लिए एक व्यापक ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिषेक कुमार ने विधायक अमन गिरी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ शहर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान प्रमुख मार्गों की स्थिति का जायजा लिया गया और चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण तथा फोर लेन सड़क निर्माण को लेकर विस्तृत योजना बनाई गई। योजना के तहत विकास चौराहे से खुटार मार्ग को चार लेन में विकसित किया जाएगा। वहीं, नानक चौकी से शिवम चौराहा, मिल गेट से विकास चौराहा, विकास चौराहे से तहसील और गोला-शाहजहांपुर मार्ग को पक्के शोल्डर के साथ टू लेन में तैयार किया जाएगा, जिससे यातायात सुगम और सुरक्षित हो सके। निरीक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन मार्ग के चौड़ीकरण व सुधार पर भी चर्चा हुई। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को रेलवे विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। शहर की तंग सड़कों और बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए तैयार की गई यह योजना गोला के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। अधिकारियों ने उन मार्गों को चिन्हित किया है, जहां चौड़ीकरण की सबसे अधिक आवश्यकता है, ताकि आमजन और श्रद्धालुओं को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके। इसके अतिरिक्त, लखीमपुर-अलीगंज मार्ग को सीधे गोला शहर से जोड़ने के लिए एक नए बाईपास सड़क का भी चिन्हांकन किया गया है। प्रारंभिक योजना के अनुसार, यह बाईपास राष्ट्रीय राजमार्ग 730 से गोला रेलवे ओवरब्रिज के पास से होते हुए सीतापुर-अलीगंज-गोला मार्ग से जुड़ेगा। यह बाईपास भारी वाहनों के दबाव को शहर से बाहर ही नियंत्रित करेगा और गन्ना सीजन के दौरान भी यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद करेगा। प्रशासन का मानना है कि इस योजना के लागू होने के बाद गोला गोकर्णनाथ में जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी और शहर को नई गति मिलेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *