गोलघर व्यापारियों ने ई-रिक्शा से लेकर पार्किंग की उठाई मांग:अधिकारी बोले- सड़क किनारे सफेद पट्टी के अंदर नहीं उठाई जाएगी गाड़ी


गोरखपुर के गोलघर स्थित इंद्रा बाल विहार तिराहे पर सोमवार को गोलघर व्यापार मंडल के व्यापारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों ने बाजार से जुड़ी कई समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा और उनके समाधान की मांग की। इस बैठक में अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार, एसपी सिटी निमिष पाटील और एसपी ट्रैफिक अमित कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे। अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और कई मुद्दों पर सकारात्मक आश्वासन दिया। व्यापारियों ने रखीं ये प्रमुख मांगें बैठक के दौरान व्यापारियों ने कहा कि गोलघर में ई-रिक्शा संचालन पर रोक लगने के बाद बाजार में ग्राहकों की संख्या कम हो गई है, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों ने ई-रिक्शा की दोबारा एंट्री शुरू कराने की मांग की। इसके अलावा व्यापारियों ने यह भी कहा कि सड़क किनारे बनी सफेद पट्टी के अंदर खड़े वाहनों का चालान किया जा रहा है, जिससे ग्राहकों और दुकानदारों को परेशानी होती है। उन्होंने इस कार्रवाई को बंद करने की मांग की। व्यापारियों ने नाला निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने, नो वेंडिंग जोन का सख्ती से पालन कराने और ट्रैफिक पुलिस द्वारा व्यापारियों व ग्राहकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किए जाने की भी मांग उठाई। बैठक में चटोरी गली की नियमित सफाई, इंद्रा बाल विहार में बेसमेंट पार्किंग और ऊपरी तल पर फूड कोर्ट बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया। व्यापारियों ने मल्टीलेवल पार्किंग को 24 घंटे चालू रखने और व्यापारियों व कर्मचारियों को रियायती दर पर मासिक पास उपलब्ध कराने की मांग की। इसके साथ ही गांधी गली, खोवा मंडी गली और काली मंदिर गली में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर करने तथा जलकल परिसर स्थित आरओ प्लांट को चालू कराने की मांग भी व्यापारियों ने प्रशासन के सामने रखी। अधिकारियों ने दिया यह आश्वासन बैठक के बाद दैनिक भास्कर से बातचीत में अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने कहा कि व्यापारियों की सभी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल नगर निगम के जलकल विभाग में संचालित मल्टीलेवल पार्किंग में मासिक पास की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि गोलघर में ई-रिक्शा की एंट्री दोबारा शुरू करने के विषय में विचार किया जा रहा है। साथ ही सड़क किनारे सफेद पट्टी के अंदर खड़ी गाड़ियों का नगर निगम द्वारा चालान नहीं किया जाएगा। अपर नगर आयुक्त ने कहा कि अन्य मांगों पर भी नगर निगम स्तर पर विचार किया जा रहा है और जल्द निर्णय लिया जाएगा। वहीं एसपी ट्रैफिक अमित कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि व्यापारियों की मांग के अनुसार गोलघर में ई-रिक्शा संचालन दोबारा शुरू करने पर विचार किया जाएगा। इसके लिए ई-रिक्शा चालकों को चिन्हित कर व्यवस्थित संचालन की योजना बनाई जाएगी। ये व्यापारी रहे मौजूद बैठक में गोलघर व्यापार मंडल के अध्यक्ष अभिषेक शाही, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गौरीशंकर सरावगी, संयोजक राजा त्रिपाठी, गोरखपुर मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक सेवा समिति के अध्यक्ष नवीन चौरसिया सहित कई व्यापारी मौजूद रहे। इसके अलावा नरेश कुमार, मनीष कुमार, प्रवीण सिंह, श्रवण कुमार, अजय सिंह, संदीप कन्नौजिया, ज्ञानेंद्र राठौर, आकाश सिंह, मंजीत, कौशल और सत्येंद्र समीर राय भी बैठक में शामिल हुए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *