गोरखपुर से बाबा धाम जाने वालों की बढ़ी भीड़:कई यात्री खड़े गए, ‘धक्का-मुक्की न करें…’ माइक लेकर यात्रियों को समझाते रहे GRP SHO


गोरखपुर में सावन के सोमवार को देखते हुए बाबा वैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई है। सोमवार से पहले देवघर पहुंचने के लिए शनिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु ट्रेन से रवाना हुए। गोरखपुर जंक्शन पर भी दिनभर यात्रियों की भीड़ देखने को मिली। बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से बढ़नी से श्रावण स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। शनिवार को यह श्रावण स्पेशल ट्रेन बढ़नी से दोपहर करीब 3 बजे रवाना हुई। ट्रेन को शाम करीब 5;40 पर गोरखपुर पहुंचना था, लेकिन यह करीब दो घंटे की देरी से रात 8 बजे गोरखपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही श्रद्धालुओं में उसमें सवार होने की होड़ मच गई। ट्रेन में सीट नहीं मिली, खड़े होकर करना पड़ा सफर ट्रेन में पहले से ही बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। गोरखपुर पहुंचते ही प्लेटफॉर्म पर मौजूद श्रद्धालु ट्रेन में चढ़ने लगे। भीड़ इतनी अधिक थी कि कई यात्रियों को बैठने की जगह नहीं मिल सकी। ऐसे में उन्हें खड़े होकर ही अपनी यात्रा शुरू करनी पड़ी। श्रद्धालुओं का कहना है कि सावन के महीने में हर सप्ताह बाबा वैद्यनाथ धाम जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। खासकर सोमवार से पहले शुक्रवार और शनिवार को गोरखपुर जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ ज्यादा रहती है। यात्रियों ने रेलवे से मांग की कि सावन महीने भर अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान परेशानी न हो। भीड़ को देखते हुए पुलिस रही तैनात गोरखपुर जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ के जवानों को तैनात किया गया था। पुलिसकर्मी प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी करते रहे, ताकि भीड़ के कारण किसी तरह की भगदड़ या दुर्घटना न हो। प्लेटफॉर्म नंबर दो पर ट्रेन के आने से पहले ही पुलिसकर्मी यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा कराते रहे। ट्रेन आने के बाद भी पुलिस ने यात्रियों को जल्दबाजी में चढ़ने से रोकने की कोशिश की। माइक लेकर यात्रियों को समझाते रहे जीआरपी एसएचओ भीड़ को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी जीआरपी एसएचओ अनुज सिंह ने खुद संभाली। वह माइक और स्पीकर लेकर प्लेटफॉर्म पर लगातार यात्रियों से अपील करते रहे। उन्होंने यात्रियों से ट्रेन से दूरी बनाए रखने, धक्का-मुक्की न करने और जल्दबाजी में ट्रेन में चढ़ने की कोशिश न करने को कहा। एसएचओ अनुज सिंह ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार को बाबा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए गोरखपुर जंक्शन पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाती है। पुलिस की प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित रखना है। सोमवार को बाबा धाम में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़ सावन के सोमवार को बाबा वैद्यनाथ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसी वजह से सोमवार से पहले ही श्रद्धालु देवघर के लिए रवाना हो रहे हैं। गोरखपुर जंक्शन के अलावा आसपास के स्टेशनों पर भी बाबा धाम जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ी है। शनिवार को ट्रेन में भीड़ को देखते हुए यात्रियों ने सावन के पूरे महीने अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन करने की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *