![]()
गोरखपुर में मोहर्रम का पर्व शांति और भाईचारे के माहौल में संपन्न होने के बाद इमामचौक मुतवल्ली एक्शन कमेटी ने बुधवार को शाम 4 बजे SSP डॉ. कौस्तुभ को सम्मानित किया। कमेटी ने कहा कि पुलिस और प्रशासन की बेहतर व्यवस्था तथा सभी इमामचौकों के सहयोग से पूरा पर्व बिना किसी परेशानी के संपन्न हुआ। सम्मान समारोह में कमेटी के अध्यक्ष अब्दुल्लाह, प्रमुख महासचिव पार्षद उजैर अहमद, कोषाध्यक्ष शकील अहमद अंसारी और पूर्व पार्षद महासचिव नबीउल्लाह अंसारी मौजूद रहे। SSP बोले- हर धर्म शांति और इंसानियत सिखाता है सम्मान मिलने के बाद SSP डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि हर धर्म लोगों को शांति, इंसानियत और भाईचारे का संदेश देता है। त्योहार तभी सफल होते हैं, जब सभी लोग मिलकर उन्हें प्यार और सम्मान के साथ मनाते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार पूरे जिले में मोहर्रम बहुत ही शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ और ताजियों का कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक भी बिना किसी विवाद के हुआ। मुतवल्लियों की निभाई अहम भूमिका SSP ने कहा कि जिले के सभी इमामचौकों के मुतवल्लियों ने पूरे आयोजन के दौरान जिम्मेदारी और अनुशासन का परिचय दिया। उन्होंने हजरत इमाम हुसैन के बलिदान, सब्र, इंसाफ और अमन के संदेश को लोगों तक पहुंचाया। यह समाज के लिए एक अच्छी मिसाल है। कमेटी अध्यक्ष अब्दुल्लाह ने कहा कि मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में जिला प्रशासन, पुलिस और जिले के सभी 1848 इमामचौकों के मुतवल्लियों की बड़ी भूमिका रही। उन्होंने कहा कि कमेटी आगे भी प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए समाज में एकता और भाईचारे का संदेश देती रहेगी। पुलिस और प्रशासन का जताया आभार प्रमुख महासचिव पार्षद उजैर अहमद और पूर्व पार्षद महासचिव नबीउल्लाह अंसारी ने कहा कि मोहर्रम के दौरान पुलिस और प्रशासन हर समय लोगों के साथ खड़ा रहा। बेहतर व्यवस्था और लगातार निगरानी की वजह से पूरा आयोजन शांति से संपन्न हुआ। उन्होंने सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों का आभार जताते हुए उन्हें बधाई दी। इस मौके पर मिस्बाहुद्दीन सिद्दीकी, हाजी कलीम अहमद फरजंद, मुर्तजा हुसैन रहमानी, हाजी ईसा मुहम्मद बड़े, मंसूर आलम, सादिक अली ‘बिलाऊ’ मास्टर, सैफुर्रहमान, अफजाल अहमद खान, अंजुम तारिक, इसराइल, मुहम्मद इरफान घोसी, डॉ. शाहिद, फैसल अंसारी, सलमान अहमद मलिक, तनवीर अहमद राजू, मुहम्मद हसन, नूर अंसार, शाहिद सहित बड़ी संख्या में कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
Source link
गोरखपुर में शांतिपूर्ण मोहर्रम पर एसएसपी हुए सम्मानित:पुलिस-जनता के सहयोग से कायम रही अमन की मिसाल, कमेटी ने जताया आभार