गोरखपुर में भोर से ही तेज बारिश:दिनभर छाए रहेंगे बादल, शहर के कई इलाकों में लगा पानी


गोरखपुर जिले में सोमवार की भोर से ही मौसम ने करवट ले ली। रात से हल्ली बूंदाबांदी हो रही थी। सुबह करीब 5 बजे से बादल गरजने लगे। इसके बाद शुरू हुई तेज बारिश ने दिन की शुरुआत ही लोगों को भीगते हुए कराई। रुक-रुक कर हो रही बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस से राहत मिली। बारिश के कारण शहर के कई इलाकों और सड़कों पर पानी भर गया। खासकर धर्मशाला, विजय चौक, मोहद्दीपुर, गोलघर, बेतियाहाता, रेती और तिवारीपुर इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई। दोपहिया वाहन चालकों को फिसलन और जलभराव की वजह से दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह ऑफिस और स्कूल जाने वालों के लिए भी परेशानी बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 48 घंटों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने और बीच-बीच में तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हवा में नमी अधिक होने से उमस महसूस हो सकती है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए किसानों और आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि धान और सब्जी की फसलों के लिए यह बारिश फायदेमंद है, लेकिन जलजमाव वाले क्षेत्रों में फसल खराब होने का डर भी है। नगर निगम ने नालों की सफाई और जलजमाव हटाने के लिए टीमों को अलर्ट पर रखा है। ट्रैफिक पुलिस को भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त फोर्स तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान अनावश्यक घर से न निकलें, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें। अगले दो दिन तक मौसम इसी तरह बना रहने के आसार हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *