गोरखपुर में टयूशन जा रही छात्राओं से छेड़खानी:शोहदों ने भोजपुरी गाना गाकर फ्लाइंग किस किया, फिर लड़कियों को पीटा


गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के जंगल हकीम नंबर-दो,मोहनापुर में मंगलवार शाम ट्यूशन पढ़ने जा रही 05 छात्राओं के साथ छेड़खानी और मारपीट का मामला सामने आया है। छात्राओं की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरे की मदद ले रही है। वहीं घटना के बाद सभी छात्राएं डरी-सहमी हुई हैं। अब विस्तार से जानिए पूरा मामला…
शाहपुर के पादरी बाजार क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों की रहने वाली कक्षा 08 की पांच छात्राएं मंगलवार शाम करीब पांच बजे पैदल ट्यूशन पढ़ने के लिए जंगल हकीम नंबर-दो स्थित टीएन पब्लिक स्कूल के पास जा रही थीं। छात्राओं का आरोप है कि स्कूल के पास पहुंचने पर तीन युवक वहां आए और उन्हें देखकर भोजपुरी गाना गाते हुए रास्ता मांगने लगे। छात्राओं ने बताया कि रास्ता पर्याप्त होने की बाद भी युवक अभद्र व्यवहार करते रहे। आरोप है कि कुछ दूरी आगे बढ़ने के बाद युवकों ने गाली-गलौज करते हुए छात्राओं की ओर फ्लाइंग किस किया। छात्राओं ने इसका विरोध किया तो आरोपी युवक आक्रोशित हो गए। पीड़िताओं का आरोप है कि तीनों युवक डंडा और ईंट लेकर वापस आए और छात्राओं के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। इस दौरान कुछ छात्राओं के हाथ पकड़कर उन्हें धमकाया भी। शोर-शराबा होने पर जब कुछ लोग उस ओर दौड़े तो आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद छात्राओं ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें संबंधित चौकी पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। इसके बाद छात्राओं ने मोहनापुर चौकी पहुंचकर लिखित प्रार्थना पत्र दिया। छात्राओं के साथ हुई घटना के बाद पुलिस ने आस-पास लगे सीसी टीवी फुटेज की मदद से शोहदों की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी है। इस संबंध में शाहपुर थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बताया कि इस मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। छात्राओं के आरोप की जांच कराई जा रही है। जांच में तथ्य सामने आने पर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *