गोंडा में घाघरा नदी का जलस्तर 10 सेमी बढ़ा:तीन बैराजों से 75942 क्यूसेक पानी छोड़ा, तटबंधों के किनारे कटान तेज


गोंडा में घाघरा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है पिछले 24 घंटों में नदी का जलस्तर 10 सेंटीमीटर बढ़ गया है, जिससे यह चेतावनी बिंदु से ऊपर पहुंच गई है। करनैलगंज और तरबगंज तहसील क्षेत्रों के निचले इलाकों में नदी ने तटबंधों के किनारे कटान तेज कर दी है। आज सोमवार सुबह 9 बजे तक घाघरा नदी में कुल 75,942 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसमें गिरजा बैराज से 54,152 क्यूसेक, शारदा बैराज से 21,540 क्यूसेक और सरयू बैराज से 250 क्यूसेक पानी शामिल है। सबसे अधिक पानी गिरजा बैराज से छोड़ा जा रहा है, जिससे गोंडा में नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बाढ़ खंड विभाग के अधिकारी और कर्मचारी लगातार तटबंधों की निगरानी कर रहे हैं और निचले इलाकों में हो रही कटान पर नजर बनाए हुए हैं। नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। घाघरा नदी एल्गिन ब्रिज पर खतरे के निशान से 97 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। जिला प्रशासन ने आज देर शाम तक नदी का जलस्तर और बढ़ने की आशंका जताई है। तटीय इलाकों के लोगों को अलर्ट पर रखा गया है और संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में नावों की व्यवस्था की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
गोंडा जिला अधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि लगातार नदी का जलस्तर बढ़ रहा है हमारे सभी विभाग पूरी तरीके से अलर्ट मोड पर है। नेपाल से लगातार छोड़े जा रहे पानी के कारण नदी का जलस्तर बढ़ रहा है फिलहाल अभी नदी खतरे के निशान से 97 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। बाढ़ खण्ड अभियान के अधिशासी अभियंता जय सिंह ने बताया कि पानी का बहाव तेज है इसीलिए कुछ स्थानों पर कटान हो रही है। लगातार बाढ़ खंड विभाग द्वारा निगरानी की जा रही है तटबंध हमारी पूरी तरीके से सुरक्षित है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *