![]()
गोंडा में 17 साल की लड़की सुधा गौतम की हत्या का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। नगर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने मुख्य आरोपी संजय गौतम को शुक्रवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। घटना गुरुवार सुबह करीब 8 बजे की है। माधवपुर चकत्ता गांव निवासी 17 वर्षीय सुधा गौतम घर से कुछ दूरी पर मछली तालाब के पास स्थित बाग में गई थी। आरोप है कि गांव के ही रहने वाले संजय गौतम ने उसे अकेला पाकर छेड़छाड़ का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने मामले के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार देर रात करीब 9:30 बजे पुलिस को कंपोजिट विद्यालय दुल्लापुर खालसा के पास आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली। नगर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, बिना नंबर प्लेट की एचएफ डीलक्स बाइक से जा रहे आरोपी ने खुद को घिरता देख अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि घटना के तुरंत बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था और खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों को लगाया गया था। जांच और सर्विलांस के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। गिरफ्तारी के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया। आरोपी की पहचान संजय गौतम के रूप में हुई है, जो मृतका के गांव का ही रहने वाला है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
Source link
गोंडा पुलिस ने सुधा गौतम हत्याकांड का खुलासा किया:आरोपी संजय गौतम मुठभेड़ में गिरफ्तार, छेड़छाड़ के विरोध पर गला दबाकर मारा था