![]()
मुज़फ्फ़रनगर। एशिया की सबसे बड़ी गुड़ मंडियों में शामिल मुज़फ्फ़रनगर नवीन गुड़ मंडी के प्रतिष्ठित “दि गुड़ खांडसारी एंड ग्रेन मर्चेंट्स एसोसिएशन” के द्विवार्षिक चुनाव में एक बार फिर संजय मित्तल का दबदबा कायम रहा। मंगलवार देर रात करीब 11 बजे घोषित चुनाव परिणामों में संजय मित्तल गुट ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए सभी 31 सदस्य पदों पर कब्जा जमा लिया। वहीं पहली बार चुनावी मैदान में उतरे भाजपा नेता एवं विश्व हिंदू परिषद से जुड़े सचिन सिंघल को करारी हार का सामना करना पड़ा। उन्हें मात्र 28 वोट मिले, जबकि उनके समर्थक पैनल का भी प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। चुनाव में कुल 252 सदस्यों में से 241 व्यापारियों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान के बाद हुई मतगणना में संजय मित्तल गुट ने लगभग एकतरफा जीत दर्ज करते हुए विरोधी पैनल का पूरी तरह सफाया कर दिया। खरीददार वर्ग में सचिन सिंघल के समर्थक रिंकल बंसल को भी केवल 30 मत ही मिल सके। बताया जा रहा है कि इस चुनाव में मंडी की साख, व्यापारियों के हित और झूठी शिकायतों के कारण खराब होती कारोबारी छवि प्रमुख मुद्दा रही। अधिकांश व्यापारियों ने इन मुद्दों पर संजय मित्तल के नेतृत्व में भरोसा जताते हुए उनके पूरे पैनल को समर्थन दिया। बिकवाल वर्ग से अंकित गर्ग, अरविंद गोयल, आशीष बंसल, देवेंद्र कुमार, निकेत गोयल, नितिन सिंघल, नितिन संगल, नवीन जैन, प्रदीप कुमार, रविंद्र कुमार, सचिन मोहन गोयल, सुनील तायल, श्याम सिंह सैनी, विकास गुप्ता और विवेक गर्ग सदस्य निर्वाचित घोषित किए गए। वहीं खरीददार वर्ग से संजय मित्तल, अमित जैन, अनुज कुमार सिंघल, हरिशंकर तायल, मुकेश जैन, मनोज कुमार, राजेश गोयल, राजेंद्र सिंघल, शुभम बंसल, श्याम सुंदर बेडिया, सुरेंद्र कुमार बंसल, संदीप गुप्ता, संजीव गोयल, विजय कुमार, विजय गुप्ता और विशाल कालरा विजयी घोषित हुए। अब निर्वाचित 31 सदस्य अध्यक्ष, महामंत्री और अन्य पदाधिकारियों का चुनाव करेंगे। लगातार 18वीं बार अध्यक्ष चुने गए संजय मित्तल ने जीत के बाद सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनकी नहीं बल्कि पूरे व्यापारी समाज के विश्वास की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी संगठन को मजबूत करने और व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे।
Source link
गुड़ मंडी चुनाव में संजय मित्तल का क्लीन स्वीप:भाजपा नेता सचिन सिंघल को करारी हार, मुजफ्फरनगर की 31 सीटों पर संजय मित्तल गुट का कब्जा