गाजीपुर में 26 लाख का गांजा बरामद:पुलिस ने सप्लाई गैंग पकड़ा, एक आरोपी पर 12 गंभीर केस दर्ज


गाजीपुर के नोनहरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 26 लाख रुपये कीमत का 102.746 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस दौरान एक डीसीएम वाहन से 10 बंडलों में छिपाकर ले जाया जा रहा गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों रामकुंवर यादव, भोला यादव और संतोष कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर एक वाहन कठवा मोड़ की तरफ से गुजरने वाला है। इसके बाद बड़ौरा चट्टी और कासिमाबाद रोड पर घेराबंदी की गई। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से गांजा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पास से डीसीएम वाहन, एंड्रॉयड मोबाइल, कीपैड फोन और नकदी भी बरामद हुई है। मुख्य आरोपी रामकुंवर यादव का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ हत्या, डकैती, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और लूट जैसे गंभीर मामलों सहित कुल 12 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। नोनहरा थाना पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी विवेक कुमार तिवारी और उपनिरीक्षक अविनाश मणि तिवारी ने किया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस जिले में सप्लाई किया जाना था। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह नेटवर्क पूर्वांचल के कई जिलों तक फैला हो सकता है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर सप्लाई चेन और अन्य जुड़े लोगों की तलाश कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *